Heavy Rain Alert: इस बार प्री-मानसून से पहले ही बारिश की सिलसिला शुरू हो गया है। ऐसे में मौसम विभाग ने 1,2,3,4,5 और 6 मई को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र ने उत्तर प्रदेश के लिए बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 से 6 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान वज्रपात और ओलावृष्टि का भी पुर्वानुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) कश्मीर और उसके आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। साथ ही, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक अलग ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थिर है। इन दोनों कारकों की वजह से यूपी में मौसम उथल-पुथल भरा बना हुआ है। इसके अतिरिक्त, 2 मई 2026 से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसको लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
IMD के पूर्वानुमान (Impact Based Forecast) के मुताबिक, ओलावृष्टि की सर्वाधिक संभावना बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़ और बुलंदशहर में है। इसके अलावा पूर्वी यूपी में प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, उन्नाव, रायबरेली, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में भी ओलावृष्टि हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 1 मई और 2 मई को पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में इन दोनों दिनों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश पड़ सकती हैं। 4 मई से 6 मई के बीच फिर से दोनों मंडलों में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ वज्रपात और बारिश की संभावना है।