गाजीपुर में खटिया पर लेटकर चेक बाउंस का आरोपी कोर्ट पहुंचा जिसके बाद जज ने उसे खटिया समेत जेल भेज दिया। आरोपी हाईकोर्ट पहुंचा था लेकिन उसे राहत नहीं मिली...
गाजीपुर में एक बुजुर्ग के कोर्ट में सरेंडर करने का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। चेक बाउंस के एक मामले में बुजुर्ग ने कोर्ट में खटिया पर लेटकर सरेंडर किया। इसके बाद जज ने उसे खटिया समेत जेल भेज दिया है।
दरअसल, बरेसर थाना क्षेत्र का रामदरश यादव (70) चेक बाउंस के एक मामले में सरेंडर करने गाजीपुर के कोर्ट पहुंचा। इस दौरान उसके परिजन उसे खटिया पर लिटाकर कोर्ट रूम तक ले गए। रामडरश यादव, को चेक बाउंस के एक मामले में कोर्ट ने दोषी करार दिया था। रामदरश ने व्यापार के लिए कुछ पैसे उधार दिए थे और उस पैसे को चुकाने के एवज में उसने चेक दिया था, जो बाउंस हो गया था।
गाज़ीपुर कोर्ट से सजा मिलने के बाद आरोपी ने हाईकोर्ट का रुख किया, लेकिन हाईकोर्ट नें आदेशित किया कि यह मामला निचली अदालत का है और निचली अदालत के आदेशों को उसे मनाना पड़ेगा। इसके बाद वह गाजीपुर की कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था। आरोपी ने कोर्ट से कहा कि वह बीमार है और शारीरिक रूप से कमजोर व चलने फिरने में असमर्थ है। उसकी इस दलील के बाद कोर्ट ने एक विशेष प्रकार का वाहन मंगवाया और इस वाहन में बिठाकर उसे जेल भेजा गया। हालांकि, वादी पक्ष का कहना था कि वह सजा से बचने के लिए नाटक कर रहा है ताकि अदालत उसे जेल ना भेजे।