एक व्यक्ति ने होटल के कमरे में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के लंका स्थित एक होटल की है। मृतक की पहचान मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के तमलपुरा निवासी ओमप्रकाश राय (50 वर्ष) के रूप में हुई है।
Ghazipur News: गाजीपुर जिले में एक व्यक्ति ने होटल के कमरे में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के लंका स्थित एक होटल की है। मृतक की पहचान मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के तमलपुरा निवासी ओमप्रकाश राय (50 वर्ष) के रूप में हुई है।
शनिवार की शाम ओमप्रकाश ने होटल में कमरा बुक कराया था। रविवार की सुबह जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो होटल स्टाफ को शक हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो वह अंदर कुर्सी पर औंधे मुंह गिरा मिला। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मृतक ने अपनी आर्थिक तंगी और जीवन की पीड़ा का जिक्र किया है। उसने लिखा कि वर्ष 2021 में कोरोना से पत्नी की मौत के बाद उसकी जिंदगी बिखर गई। हाल ही में नौकरी भी छूट गई थी और चार-पांच महीने से आर्थिक संकट गहराता चला गया। होटल किराए का 18 हजार रुपये बकाया चुका कर वह किसी तरह ससुराल पहुंचा, लेकिन वहां भी सहारा नहीं मिला। चाचा से मदद मांगी तो उन्होंने भी दो वक्त की रोटी देने से इनकार कर दिया, जबकि उसके नाम पर जमीन-जायदाद है।
सुसाइड नोट में ओमप्रकाश ने अपील की है कि “मेरी मौत के लिए किसी को परेशान न किया जाए। चंदा लगाकर अंतिम संस्कार करा दिया जाए और मृत्यु प्रमाणपत्र ससुराल वालों को दे दिया जाए।”
शहर कोतवाल दीन दयाल पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।