गाजीपुर

Ghazipur News:.’उम्मीद है भगोड़ा साबित नहीं होंगे’, अखिलेश यादव को राजभर की खुली चुनौती, कांग्रेस नेताओं पर भी उठाए सवाल

Om Prakash Rajbhar: ओमप्रकाश राजभर ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। पोस्ट में उन्होंने अयोध्या और जहूराबाद का जिक्र करते हुए चुनौती दी। कांग्रेस नेताओं से जुड़े विवाद पर भी सवाल उठाए। जानिए 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजभर ने क्या कहा।
2 min read
• •
Oct 12, 2026
ghazipur
ओमप्रकाश राजभर फोटो सोर्स X Account

Om Prakash Rajbhar: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। राजभर ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट के जरिए अखिलेश को चुनौती दी। पोस्ट में उन्होंने अयोध्या और जहूराबाद का जिक्र किया। साथ ही कांग्रेस नेताओं से जुड़े विवाद पर भी कई सवाल उठाए।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बयानबाजी तेज होती जा रही है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। राजभर ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर अखिलेश को घेरा। उन्होंने अपने संदेश में कई सवाल उठाए और 2027 के चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया।

'ललकार कर भागने वाले को भगोड़ा कहते हैं'

ओमप्रकाश राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि इतिहास गवाह है कि ललकार कर भाग जाने वाले को 'भगोड़ा' कहा जाता है। उन्होंने आगे उम्मीद जताई कि अखिलेश यादव भगोड़ा साबित नहीं होंगे। पोस्ट में अयोध्या और जहूराबाद का नाम लेकर भी उन्हें चुनौती दी गई है। राजभर ने अखिलेश पर तंज कसते हुए पूछा कि वह बढ़-चढ़कर बड़ी-बड़ी बातें क्यों करते हैं? जिन मुद्दों पर बोलना चाहिए। उन पर कुछ क्यों नहीं कहते? इस सवाल के जरिए उन्होंने अखिलेश की राजनीतिक भूमिका पर निशाना साधा।

कांग्रेस नेताओं के विवाद पर भी उठाए सवाल

राजभर की पोस्ट में कांग्रेस नेताओं से जुड़े विवाद का भी जिक्र है। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय और एक महिला नेता के बीच हुए विवाद को लेकर सवाल उठाए।
पोस्ट में इमरान मसूद के गिरेबान पर हाथ लगाने के मामले का उल्लेख करते हुए पूछा गया कि ऐसा करना सही था या नहीं। इसके अलावा प्रमोद तिवारी के हाथ जोड़कर माफी मांगने के मामले पर भी सवाल किया गया। राजभर ने कांग्रेस नेताओं पर कथित तौर पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि क्या इस तरह की भाषा बोलना सही है? इन सवालों के जरिए उन्होंने अखिलेश यादव से विवादित मुद्दों पर अपना रुख स्पष्ट करने की चुनौती दी।

2027 के चुनाव को लेकर क्या कहा?

ओमप्रकाश राजभर ने अपनी पोस्ट के आखिरी हिस्से में उत्तर प्रदेश के अगले विधानसभा चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि 2027 में अखिलेश यादव और उनके राजनीतिक साथियों का बड़बोलापन और अहंकार मटियामेट हो जाएगा। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि उत्तर प्रदेश का स्वाभिमान जीतेगा और 2027 में यूपी जीतेगा।
राजभर की इस पोस्ट को अखिलेश यादव पर सीधे राजनीतिक हमले के तौर पर देखा जा रहा है। अब इस बयान पर समाजवादी पार्टी की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है। इस पर नजर रहेगी।

Updated on:
12 Oct 2026 01:09 pm
Published on:
12 Oct 2026 01:09 pm