
गाजीपुर. एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे राज्य सभा सांसद नीरज शेखर ने 12 साल से कम उम्र की बच्चियों दुष्कर्म के मामले पर फांसी की सजा का अध्यादेश लाये जाने को सही ठहराया है। इस कानून के लिए मोदी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि पाक्सो एक्ट में संसोधन एक शानदार कदम है ये मैं पार्टी की तरफ से नहीं कह रहा बल्कि ये मेरी निजी राय है।
बता दें कि देश में बेटियों से दरिंदगी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं कभी बच्चियों से रेप तो कभी गैंग रेप के बाद उनकी हत्या कर देना आम हो गया है। इसके लिए एक सख्त कानून की जरूरत है जिसके लिए केंद्र सरकार ने एक अध्यादेश लाया है और उसे राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा गया है जिसमें प्रावधान किया गया है कि 12 वर्ष से कम उम्र की बच्चियों से रेप पर फांसी की सजा दी होगी। वहीं 16 वर्ष से कम की बच्चियों के साथ पर भी कड़े कानून का प्रावधान किया गया है ।
इस नये अध्यादेश को लेकर राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने पत्रिका से बात करते हुए कहा कि यह मेरी व्यक्तिगत राय है कि यह कानून बहुत पहले आ जाना चाहिए था। बच्चों से बलात्कार और हत्या जैसे जघन्य अपराध दुनियां में दूसरा कोई नहीं हो सकता। इसके लिए कठोर से कठोर सजा दी जानी चाहिए जिससे लोगों में डर हो।
पार्टी की क्या कहती है ये मैं नहीं जानता
सपा के सांसद ने कहा कि इस बारे में पार्टी का क्या कहना है ये मुझे नहीं पता। पर व्यक्तिगत रूप से मैं कहता हूं यह होना चाहिए और यह एक सही कदम है। साथ ही उन्होंने कहा एक कानून बनने के साथ-साथ जल्दी से इसका अनुपालन हो इसकी व्यवस्था भी की जानी चाहिए। कानून पहले से भी कई हैं पर सालों साल कोर्ट में पड़े रहते हैं। लेकिन ऐसे हाल में इस कानून को जल्द लागू किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होने ये भी कहा कि ऐसे मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की जानी चाहिये। जिससे ऐसा करने वालों के मन में भी डर होगा और जिसके साथ ऐसा होगा उसको भी राहत महसूस होगा।