गाजीपुर

किशोर की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर की गई हत्या, परिजनों ने हाईवे किया जाम

गाजीपुर के जंगीपुर थाना क्षेत्र में एक किशोर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद गुस्साए परिजनों ने हाईवे जाम कर दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद लोगों ने हाईवे खाली किया...

less than 1 minute read
Mar 10, 2026
पति ने कराई पत्नी की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)

गाजीपुर: जंगीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोर की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से गुस्साए परिजनों ने वाराणसी-गोरखपुर हाईवे को जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझने का प्रयास किया लेकिन परिजन हाईवे से हटने को तैयार नहीं थे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।

फोन पर हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक, जंगीपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव के रहने वाले सुधारन राजभर (17) की लाठी-डंडों से पीटकर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पास हत्या कर दी गई है. परिजनों के मुताबिक, सुधारन को बीती रात किसी का फोन आया था, इसके बाद फोन पर काफी देर तक बहस हुई। फोन पर हुए विवाद के बाद सुधारन गुस्से में घर से निकलकर बाहर चला गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

परिजनों ने बताया कि जब देर रात तक वह घर नहीं आया तो सुबह उसकी तलाश की जाने लगी। ऐसे में ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के पास वह अचेत अवस्था में मिला जिसे लेकर वे अस्पताल गए। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने हाईवे को जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे।

क्या बोली पुलिस

प्रदर्शन की जानकारी होने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझने का प्रयास किया, लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं थे। काफी देर तक समझाने बुझाने के बाद और आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन देने के बाद परिजन हाईवे से हटे। पुलिस ने बताया कि मामले में परिजनों ने लिखित तहरीर दी है। पुलिस आगे की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Published on:
10 Mar 2026 02:56 pm
Also Read
View All

अगली खबर