गाजीपुर

सरकारी स्कूल में बच्चों से ढुलवाई गई ईंट, वीडियो वायरल होने पर प्रधानाध्यापक निलंबित

एक सरकारी स्कूल में बच्चों द्वारा ईंट ढुलवाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है...

2 min read
Mar 21, 2026
फोटो- सोशल मीडिया

गाजीपुर: जिले के एक सरकारी स्कूल में बच्चों द्वारा ईंट ढुलवाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा व्यवस्था और सर्व शिक्षा अभियान को लेकर तरह-तरह की बातें लोगों के जहन में उठ रही हैं। वीडियो में दिख रहा है कि छोटे बच्चे स्कूल ड्रेस में ईंट उठाने का काम कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूल के प्रधानाध्यापक को सस्पेंड कर दिया है।

गुरुवार का बताया जा रहा वीडियो

जानकारी के मुताबिक, वीडियो सैदपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय का है। इस वीडियो में कुछ छात्र एवं छात्राएं स्कूल ड्रेस में ईंट उठाने का कार्य कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो गुरुवार की सुबह 9 बजे के आसपास का है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने इस मामले में कार्रवाई की है और जांच भी बैठा दी गई है।

अन्य शिक्षकों पर भी कार्रवाई

वीडियो के वायरल होने के बाद इस घटना की जानकारी बेसिक शिक्षा अधिकारी को दी गई और बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी ने प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही सहायक शिक्षक विवेक कुमार, प्रिया देवी और शिक्षामित्र राजपत के खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने की बात सामने आ रही है।

बिरनो के बीईओ को सौंपी गई जांच

प्रधानाध्यापक को सस्पेंड करने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इसकी जांच बिरनो के बीईओ मिन्हाज आलम को सौंप दी है। इसके साथ ही अन्य शिक्षकों को भी प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस तरह के कृत्य कतई बर्दाश्त योग्य नहीं हैं। मामला प्रकाश में आने के बाद हमने प्रधानाध्यापक को निलंबित किया है। इसके साथ अन्य शिक्षकों के खिलाफ इसलिए कार्रवाई की गई है क्योंकि घटना के समय उन्होंने इस मामले की जानकारी अधिकारियों को नहीं दी। ऐसे में उनका दोष भी सिद्ध हो रहा है। फिलहाल, जांच बिठाई गई है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

क्या बोले प्रधानाध्यापक

दरअसल, गुरुवार को वायरल हुआ यह वीडियो लोगों के बीच पहुंचा तो लोग तरह-तरह की बातें करने लगे। इसके साथ ही शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। इस घटना के संबंध में प्रधानाध्यापक ने बताया कि स्कूल में निर्माण का कार्य चल रहा है और बच्चे खुद से ही ईंट उठाना शुरू कर दिए। उन्हें ऐसा करने के लिए किसी प्रकार का कोई दबाव नहीं दिया गया था।

Published on:
21 Mar 2026 12:48 pm
Also Read
View All

अगली खबर