18 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जिला पूर्ति विभाग की बड़ी कार्रवाई, 83 एलपीजी सिलेंडर जब्त, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

गाजीपुर में जिला पूर्ति विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 गांवों में छापेमारी की है। इस दौरान टीम ने 83 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि इन सिलेंडरों का अवैध रूप भण्डारण किया गया था....

2 min read
Google source verification

गाजीपुर: जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की जमाखोरी के खिलाफ जिला पूर्ति विभाग ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किया है। बताया जा रहा है कि अवैध रूप से सिलेंडरों का भंडारण किया गया था और मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने कार्रवाई की है। इस संबंध में तीन फर्म और 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

10 घरेलू व 73 व्यवसायिक सिलेंडर बरामद

जानकारी के मुताबिक, जिला प्रशासन को लगातार यह शिकायत मिल रही थी कि कुछ लोग घरेलू सिलेंडरों और कामर्शियल सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर टीम ने तीन स्थानों पर छापेमारी कर 83 गैस सिलेंडर जप्त किए हैं। बताया जा रहा है कि इनमें 10 घरेलू सिलेंडर हैं, जबकि 73 व्यावसायिक सिलेंडर बरामद हुए हैं।

चार गांव में हुई छापेमारी

जिला पूर्ति विभाग की टीम सिधौना, हथोड़ा, कुसुगी और यीशुपुर में छापेमारी कर इन सिलेंडरों को बरामद किया है। जिला पूर्ति विभाग की टीम ने संबंधित व्यक्तियों से दस्तावेज मांगे, जिसके बाद वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। टीम ने वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि ये गैस सिलेंडर घरों में अवैध रूप से भण्डारण कर रखे गए थे।

विभाग ने की अपील

जिला पूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में तीन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ और पांच व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इस तरह से अवैध भंडारण और कालाबाजारी न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि उपभोक्ताओं को मिलने वाली गैस आपूर्ति को भी प्रभावित करती है। उन्होंने बताया कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और इस तरह से अवैध रूप से भंडारण करने वालों के खिलाफ टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। ऐसे लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

जिला पूर्ति विभाग ने अपील की है कि गैस एजेंसी और उपभोक्ताओं को यदि किसी भी तरह से सिलेंडर के अवैध भंडारण या कालाबाजारी की जानकारी है तो उसकी सूचना विभाग को दें। फिलहाल पकड़े गए गैस सिलेंडर को विभाग ने एक निजी गैस एजेंसी को सौंप दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।