
मुख्तार अंसारी गैंग छापेमारी | फोटो सोर्स- IANS
UP Crime News: उत्तर प्रदेश पुलिस ने मुख्तार अंसारी के IS-191 गैंग को निस्तेनाबूत करने के लिए पूरी तरह से शिकंजा कस दिया है। ऑपरेशन वज्र के तहत 61 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य 50 हजार रुपये की इनामी आफ्शां अंसारी का पता लगाना है। पुलिस की टीमों ने मुहम्मदाबाद स्थित पैतृक आवास 'फाटक' की तलाशी ली और परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की।
इस अभियान के दौरान पुलिस की टीम मुहम्मदाबाद स्थित अंसारी परिवार के पैतृक आवास फाटक पर भी पहुंची। आफ्शां अंसारी की तलाश में पूरे घर की तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस टीम सांसद अफजाल अंसारी के घर भी पहुंची और मुख्तार अंसारी के बड़े भाई व पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी से काफी देर तक पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आफ्शां अंसारी को छिपने में कौन मदद कर रहा है और उसके संभावित ठिकाने कौन- कौनसे हो सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर इस सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। जिसके लिए मुहम्मदाबाद, भांवरकोल, करंडा, जंगीपुर और सदर कोतवाली सहित 5 थानों की 12 टीमों का गठन किया गया था। पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि गैंग के सदस्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने और अवांछनीय गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस अभियान के तहत पुलिस ने 61 ठिकानों पर तलाशी ली और गैंग से जुड़े लोगों की संपत्ति तथा आय के साधनों की जांच की। इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों के कारण 24 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे गुप्त जगह पर पूछताछ चल रही है।
जो लोग छापेमारी के दौरान घर पर नहीं मिले, उन पर सर्विलांस टीम के जरिए नजर रखी जा रही है और पुलिस उनका नया आपराधिक कच्चा चिट्ठा भी तैयार कर रही है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि गैंग से जुड़े सदस्यों के नाम पर 90 लाइसेंसी हथियार दर्ज हैं। इनमें से कई हथियारों के लाइसेंस पहले ही रद्द किए जा चुके हैं। पुलिस अब एक-एक हथियार की जांच कर रही है ताकि यह पक्का किया जा सके कि नियम के मुताबिक उन्हें मालखाने या दुकान पर जमा कराया गया है या नहीं। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि माफिया नेटवर्क से जुड़े लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Published on:
05 May 2026 12:44 pm
बड़ी खबरें
View Allगाजीपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
