
गाजीपुर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष
Ghazipur Crime: ग़ाज़ीपुर जिले के कटारिया कांड को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी (सपा) के 16 नेताओं के जेल भेजे जाने के बाद मंगलवार को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अवध बिहारी यादव जिला कारागार पहुंचे। उन्होंने जेल में बंद सभी सपा नेताओं से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने जेल प्रशासन से बंद नेताओं के बेहतर इलाज और सुविधाओं को सुनिश्चित करने की बात कही।
बताया जा रहा है कि 22 अप्रैल को कटारिया गांव में 16 वर्षीय किशोरी नेहा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद सपा का एक प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा था। इसी दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीणों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। बाद में स्थिति बेकाबू हो गई और बवाल खड़ा हो गया।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सपा के 25 नेताओं सहित करीब 200 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। इसके बाद कार्रवाई करते हुए 16 सपा नेताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी के बाद से ही पार्टी के भीतर और क्षेत्रीय राजनीति में हलचल बनी हुई है।
जेल में बंद सपा नेता सत्येंद्र यादव उर्फ सत्या यादव से मुलाकात के दौरान अवध बिहारी यादव ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई। उन्होंने जेल प्रशासन से कहा कि बंद नेताओं को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. आनंद मिश्रा से फोन पर बातचीत कर इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
वहीं, जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी बंदियों का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। डॉक्टरों की टीम समय-समय पर जांच कर रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी उचित इलाज की व्यवस्था की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। फिलहाल इस मामले पर सभी की नजर बनी हुई है।
Updated on:
05 May 2026 07:37 pm
Published on:
05 May 2026 07:36 pm
बड़ी खबरें
View Allगाजीपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
