गोंडा

वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को ब्लैकमेल कर रहा था युवक, पुलिस ने सिखाया सबक!

गोंडा में छात्रा को ब्लैकमेल कर अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने छात्रा का पीछा कर नहाते समय वीडियो बना लिया था। और अब 50 हजार रुपये न देने पर वायरल करने की धमकी दी थी।
2 min read
Nov 13, 2025
Gonda
पुलिस हिरासत में आरोपी फोटो सोर्स विभाग

एक छात्रा को ब्लैकमेल कर अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह स्कूल जाते समय छात्रा पीछा करता था। इसकी हरकतों से जब वह परेशान हो गई। तो उसने इसकी शिकायत नगर कोतवाली पुलिस से की। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कुछ ही घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।

गोंडा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र से पूरा मामला जुड़ा है। यहां की रहने वाली एक छात्रा ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसके ही मोहल्ले का रहने वाला आमिर खान पुत्र राशिद खान लगातार स्कूल आते-जाते समय उसका पीछा करता था। आरोप है कि उसने युवती के नहाते समय चोरी-छिपे अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए और बाद में उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने युवती से 50 हजार रुपये की मांग की। और रकम न देने पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था।

अपने जाल में फसाने के लिए अलग-अलग नंबर से करता रहा कॉल

युवती ने यह भी बताया कि आरोपी लगातार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल करके उसे ब्लैकमेल करता था। जान से मारने की धमकियां देता था। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी आमिर खान का अपराध में शामिल होना पाया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी करते हुए बुधवार को मनकापुर बस अड्डे के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी तलाशी में एक मोबाइल फोन बरामद हुआ हैं। जिसमें अश्लील फोटो और वीडियो मिलने की आशंका जताई गई है।

एसपी बोले,- महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
13 Nov 2025 07:59 pm
Published on:
13 Nov 2025 07:59 pm