
सांकेतिक फोटो-पत्रिका
UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 27 से 30 जुलाई के बीच मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत सिस्टम के असर से गोंडा, अयोध्या, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती समेत पूर्वी यूपी के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने कई इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
उत्तर प्रदेश में अगले चार दिन बारिश के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक 27, 28, 29 और 30 जुलाई को प्रदेश में मानसून की गतिविधियां और तेज होंगी। इसके चलते पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन लगातार मजबूत हो रहा है। और इसके पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट पार करने की संभावना है। इसके अलावा राजस्थान के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र और सक्रिय मानसून ट्रफ भी प्रदेश में बारिश बढ़ाने का काम करेंगे। यही वजह है कि पूर्वांचल के कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
अयोध्या, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, अमेठी, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, जौनपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है। कुछ स्थानों पर कम समय में तेज बारिश होने से जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
सोमवार सुबह गोंडा और आसपास के जिलों में आसमान बादलों से ढका रहा। उमस भरी गर्मी से लोग परेशान दिखे, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि जल्द ही बारिश शुरू होने से राहत मिलने की उम्मीद है। लगातार बारिश होने पर तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। आईएमडी के अनुसार अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। लेकिन उसके बाद बारिश के कारण तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदान में न जाएं। पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से बचें। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले चार दिन मौसम का असर साफ दिखाई दे सकता है।
Updated on:
27 Jul 2026 08:43 am
Published on:
27 Jul 2026 08:43 am
