गोंडा

आंधी- तूफान से टूटे बिजली के तार में फंसा ऑटो पलटा, महिला की गई जान, परिवार में मचा कोहराम

गुजरात से घर लौटते वक्त खुशियों भरा सफर मातम में बदल गया। जब आंधी में गिरे बिजली तार से ऑटो पलट गया। एक महिला की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

2 min read
May 04, 2026
बिजली के तार में फंसकर पलटा टेंपो फोटो सोर्स पत्रिका

गोंडा जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। आंधी तूफान के साथ झमाझम बारिश के कारण सड़क पर बिजली का तार टूट कर गिर गया था। इसी बीच गुजरात से घर लौट रहे परिवार का ऑटो अचानक सड़क पर गिरे बिजली के तार में फंसकर पलट गया। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जिसने एक परिवार को गहरे दुख में डाल दिया। यह हादसा गोंडा-बलरामपुर रोड पर गिलौली नवागांव के पास हुआ। जहां अचानक 11000 वोल्ट की बिजली लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान एक ऑटो-रिक्शा वहां से गुजर रहा था। जिसमें बलरामपुर जिले के एक परिवार के लोग सवार थे। यह परिवार गुजरात से ट्रेन के जरिए गोंडा पहुंचा था। वहां से ऑटो बुक कर अपने गांव लौट रहा था। लेकिन रास्ते में यह सफर हादसे में बदल गया।

सड़क पर गिरे हाईटेंशन लाइन की तार में फंसकर पलटा ऑटो

सड़क पर गिरे बिजली के तार में ऑटो फंस गया। चालक का नियंत्रण छूट गया। देखते ही देखते ऑटो पलट गया और उसमें बैठे लोग नीचे दब गए। इस हादसे में 55 वर्षीय शांति देवी की मौके पर ही मौत हो गई। उनके परिवार में इस घटना के बाद चीख-पुकार मच गई।

ये लोग हुए घायल

हादसे में मन्नू (58 वर्ष), उनके भाई चैतू और ऑटो चालक को गंभीर चोटें आईं। तीनों को तुरंत गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज जारी है। वहीं ऑटो में सवार अन्य परिजन—मालती देवी, सुमन, राधिका, शिवानी, शिवम, प्रिंस और दर्शन को हल्की चोटें आईं। इन सभी का नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज किया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालात को संभाला। स्थानीय लोगों ने भी तुरंत मदद करते हुए घायलों को बाहर निकाला। सड़क पर पलटे ऑटो को किनारे किया। पुलिस ने मृत महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। टूटे हुए तार को हटाकर रास्ता साफ किया। जिसके बाद यातायात फिर से शुरू हो सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Updated on:
04 May 2026 04:56 pm
Published on:
04 May 2026 04:55 pm
Also Read
View All