गोंडा

गोंडा के एक निजी अस्पताल में दो वार्ड बॉय के बीच विवाद सुलझाने पहुंचे मामा की चाकू मारकर हत्या

गोंडा में मामूली विवाद जानलेवा बन गया। भांजे का झगड़ा सुलझाने पहुंचे मामा की अस्पताल में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वार्ड बॉय के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

2 min read
Apr 13, 2026
सीओ सदर गोंडा फोटो सोर्स विभाग

गोंडा जिले के धानेपुर क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक 40 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। अपने भांजे के झगड़े को शांत कराने अस्पताल पहुंचे। आनंद पांडेय पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके गले पर चाकू से वार किया। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोंडा के धानेपुर थाना क्षेत्र में बग्गी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में देर रात हिंसक घटना सामने आई। बेलहारी गांव के रहने वाले खाद विक्रेता आनंद पांडेय की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि वह अपने भांजे के बीच चल रहे विवाद को खत्म कराने के लिए अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन वहीं झगड़ा इतना बढ़ गया कि उनकी जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, मृतक के भांजे सत्यप्रकाश शुक्ला अस्पताल में वार्ड बॉय के रूप में काम करते हैं। उसी अस्पताल में अनुपम शुक्ला नाम का एक अन्य युवक भी वार्ड बॉय है। दोनों के बीच काम को लेकर पहले अस्पताल के ग्रुप में कहासुनी हुई, जो बाद में आमने-सामने के विवाद में बदल गई।

मामा की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत

रात में जब दोनों के बीच बहस बढ़ी तो दोनों पक्षों ने अपने-अपने परिवार और परिचितों को बुला लिया। इसी दौरान स्थिति बेकाबू हो गई और मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच आनंद पांडेय, जो अपने भांजे के साथ पहुंचे थे। हमले का शिकार हो गए। आरोप है कि कुछ लोगों ने उनके गले पर चाकू से वार कर दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। परिवार में इस घटना के बाद से शोक का माहौल है।

पुलिस दो को हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ

सीओ सदर ने बताया कि धानेपुर थाना क्षेत्र के बग्गी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में दो वार्ड बॉय के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद दोनों लोगों ने अपने-अपने पक्ष को बुला लिया। मारपीट के बाद एक पक्ष के दो लोग घायल हो गए जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां एक को मृत्यु घोषित कर दिया गया। दूसरे का उपचार जारी है। प्राप्त तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ पंजीकृत कर लिया गया है। दो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
13 Apr 2026 11:23 am
Published on:
13 Apr 2026 11:22 am
Also Read
View All