Brij Bhushan Singh: कांग्रेस के टिकट पर विनेश फौगाट के चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने उनपर बड़ा हमला बोला है। पूर्व भाजपा सांसद ने विनेश फौगाट को धोखेबाज बताते हुए उनके खिलाफ चुनाव प्रचार करने की बात कही है।
Brij Bhushan Singh: ओलंपिक में पदक जीतने से चूकीं भारतीय कुश्ती खिलाड़ी विनेश फौगाट चुनावी मैदान में कूद पड़ी हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर उन्होंने चुनाव लड़ने की घोषणा की। इसके बाद उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की कैसरगंज लोकसभा सीट से सांसद रहे और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने उनपर बड़ा हमला बोला है। पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने कहा "मैं विनेश फोगाट से पूछना चाहता हूं कि क्या कोई खिलाड़ी एक दिन में दो भार श्रेणियों में ट्रायल दे सकता है? क्या वजन के बाद ट्रायल को पांच घंटे के लिए रोका जा सकता है? आप कुश्ती नहीं जीतीं। आप धोखाधड़ी करके वहां गईं। भगवान ने आपको इसके लिए दंडित किया है।"
कुश्ती संघ के पूर्व प्रमुख ने विनेश फौगाट पर खेलों में भाग लेने के लिए धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि फोगाट पदक इसलिए नहीं जीत सकीं क्योंकि भगवान ने उन्हें दंडित किया है। दरअसल, बृजभूषण सिंह के खिलाफ विनेश फौगाट ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे।
इसको लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर काफी दिनों पर धरना प्रदर्शन भी किया था। भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि बजरंग पुनिया ने ट्रायल पूरा किए बिना एशियाई खेलों में भाग लिया। उनकी टिप्पणी कांग्रेस द्वारा फौगाट को हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए जुलाना से उम्मीदवार बनाए जाने के एक दिन बाद आई है।
उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, "खेल के क्षेत्र में हरियाणा भारत का मुकुट है। और उन्होंने लगभग 2.5 साल तक कुश्ती गतिविधियों को रोक दिया। क्या यह सच नहीं है कि बजरंग बिना ट्रायल के एशियाई खेलों में चले गए? मैं कुश्ती के विशेषज्ञों से पूछना चाहता हूं।" बृजभूषण सिंह ने आगे कहा, "अगर कोई बेटियों का अपमान करने का दोषी है, तो वह बजरंग पूनिया और विनेश फौगाट हैं। दोनों ने इसकी पटकथा लिखी। भूपिंदर हुड्डा भी इसके लिए जिम्मेदार हैं। अगर पार्टी कहेगी तो मैं हरियाणा विधानसभा चुनाव में विनेश फौगाट के खिलाफ प्रचार करुंगा। हरियाणा में भाजपा का कोई भी उम्मीदवार विनेश फौगाट को हरा देगा।"
विनेश फौगाट ने पार्टी में शामिल होने के बाद कहा था "भाजपा बृजभूषण शरण सिंह का समर्थन कर रही है, जबकि कांग्रेस ने दिल्ली में प्रदर्शनकारी पहलवानों का समर्थन किया।" पुनिया ने भी फौगाट की बात दोहराते हुए कहा "कांग्रेस हमारे कठिन समय में हमारे साथ खड़ी रही। भाजपा आईटी सेल आज जो कह रही है, वह यह है कि हम सिर्फ राजनीति करना चाहते थे। हमने सभी महिला भाजपा सांसदों को हमारे साथ खड़े होने के लिए लिखा था, लेकिन वे नहीं आईं। हम महिलाओं के लिए आवाज उठाने की कीमत चुका रहे हैं, लेकिन अब हम जानते हैं कि भाजपा जंतर-मंतर पर महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों के साथ खड़ी है और अन्य सभी दल हमारे साथ खड़े हैं।"