गोंडा

Gonda Accident: घर से निकला था परीक्षा देने… रास्ते में गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली से टकराई बाइक, छात्र की दर्दनाक मौत

Gonda accident: गोंडा में हाईस्कूल की आखिरी परीक्षा देने जा रहे 16 वर्षीय छात्र जावेद की सड़क हादसे में मौत हो गई। गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर के बाद घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
2 min read
Mar 10, 2026
Gonda Accident
मृतक की फाइल फोटो रोते बिलखते परिजन फोटो सोर्स पत्रिका

Gonda Accident: गोंडा जिले में हाईस्कूल की आखिरी परीक्षा देने जा रहे 16 वर्षीय छात्र जावेद की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह मोटरसाइकिल से परीक्षा केंद्र जा रहा था। तभी रास्ते में गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी टक्कर हो गई। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

Gonda Accident: गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। हाईस्कूल की अंतिम परीक्षा देने जा रहे 16 वर्षीय छात्र जावेद की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर के बाद मौत हो गई। यह हादसा गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर बकठोरवा गन्ना क्रय केंद्र के पास हुआ। जावेद अपनी मोटरसाइकिल से इंद्र कुंवरि इंटर कॉलेज इटियाथोक स्थित परीक्षा केंद्र जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में गन्ना लेकर क्रय केंद्र जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जावेद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित किया

घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 पुलिस और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। घायल छात्र को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटियाथोक ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने जावेद को मृत घोषित कर दिया।

बेटे की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

मृतक जावेद कौड़िया थाना क्षेत्र के आर्यनगर कस्बे का रहने वाला था और राम कुमारी इंटर कॉलेज कौड़िया का छात्र था। वह यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा का आखिरी पेपर, चित्रकला विषय का, देने जा रहा था। इससे पहले वह पांच पेपर मोटरसाइकिल से ही देकर सुरक्षित घर लौट चुका था। जावेद के पिता कलीम अख्तर शटरिंग का काम करते हैं। जावेद दो भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई परवेज खान की उम्र 26 वर्ष है। जबकि चार बहनों में से दो की शादी हो चुकी है। बेटे की अचानक मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

दुर्घटना की जांच करने में जुटी पुलिस

इटियाथोक थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि छात्र तेज रफ्तार बाइक से परीक्षा देने जा रहा था। इसी दौरान गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी टक्कर हो गई। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Updated on:
10 Mar 2026 01:38 pm
Published on:
10 Mar 2026 01:37 pm