
गोंडा शहर के जानकीनगर इलाके में हुई सनसनीखेज बमबाजी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। नगर कोतवाली पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। जबकि मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है।
गोंडा के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के जानकीनगर मोहल्ले में 18 बीती रात हुई बमबाजी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी। अज्ञात बदमाशों द्वारा एक मकान को निशाना बनाकर किए गए हमले के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने तत्काल कई टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कराई। पुलिस टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रेस किया। इसी दौरान देर रात चेकिंग अभियान के समय पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी। जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में देवेंद्र श्रीवास्तव नामक बदमाश के पैर में गोली लग गई। जिससे वह घायल हो गया।
घायल बदमाश को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और पीले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने घटना के मास्टरमाइंड अर्पित पांडे को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से दो के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। नगर कोतवाली पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।