
Gonda News: गोंडा में घरों के बाहर बंधी भैंसों को चोरी कर पिकअप से बाजार में बेचने वाले गिरोह के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सीतापुर जिले के रहने वाले हैं। कर्नलगंज और परसपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने उन्हें छितौनी बॉर्डर के पास से पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने दो गांवों से चार भैंस चोरी करने की बात कबूल की। उनके पास से 4100 रुपये भी बरामद हुए।
गोंडा जिले में भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के दो सदस्यों को कर्नलगंज और परसपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सीतापुर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रात में घरों के बाहर बंधी भैंसों को चोरी करते थे। इसके बाद उन्हें पिकअप वाहन में लादकर बाजार में बेच देते थे। बिक्री से मिले रुपये आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को छितौनी बॉर्डर के पास गोंडा-जरवल मुख्य मार्ग से ग्राम कोनहटा की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर पकड़ा। दोनों मोटरसाइकिल से जा रहे थे। उनकी पहचान राका पुत्र राजकुमार महावत और सलमान पुत्र राकेश महावत निवासी मोहद्दीपुर, थाना महमूदाबाद, जिला सीतापुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 4100 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, 24 और 25 अक्टूबर 2026 की रात कर्नलगंज थाना क्षेत्र के घरकुइयां गांव में चोरी की घटना हुई थी। गांव की निर्मला पत्नी राजेंद्र कश्यप और माधवराज यादव पुत्र नकछेद यादव की एक-एक भैंस उनके घर के बाहर बंधी थीं। रात में अज्ञात चोर पिकअप वाहन लेकर पहुंचे और दोनों भैंसों को खोलकर वाहन पर लाद ले गए। इस मामले में कर्नलगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 22 अक्टूबर की रात परसपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव से भी दो भैंसें चोरी की थीं। इस घटना में चोरी की गई एक भैंस पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी थी, जबकि दूसरी को आरोपियों ने बेच दिया था। आरोपियों ने बताया कि चोरी की भैंसों को पिकअप में लादकर बाजार में बेचते थे। इसके बाद बिक्री से मिली रकम सभी साथी आपस में बांट लेते थे। शाहपुर गांव से चोरी की गई भैंस बेचने के बाद उनके हिस्से में आई बची हुई 4100 रुपये की रकम पुलिस ने बरामद की है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरोह में शामिल अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।