11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Gonda News: पट्टीदार से रंजिश में चुराईं दो भैंसें, जंगल की झाड़ियों में छिपाकर बेचने की थी तैयारी

Gonda News: गोंडा के नवाबगंज में पट्टीदार से रंजिश के चलते दो भैंसों की चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने जंगल की झाड़ियों में छिपाकर रखी गई दोनों भैंसों को बरामद कर दिलशाद और अनिल को गिरफ्तार किया है। मामले में तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

गोंडा

•

image

Mahendra Tiwari

•

Updated: 11 Nov 2026, 5:04 PM IST

Gonda

पकड़े गए आरोपी के साथ पुलिस टीम फोटो सोर्स विभाग

Gonda News:गोंडा के नवाबगंज में पट्टीदार से चल रही पुरानी रंजिश में दो भैंसों की चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच लोगों ने मिलकर रात में घर के दरवाजे पर बंधी दो भैंसें चुरा लीं और पिकअप से जंगल में ले जाकर छिपा दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर झाड़ियों में छिपे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की दोनों भैंसें भी बरामद हुई हैं।

गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में दो भैंसों की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी की गई दोनों भैंसों को बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिलशाद पुत्र रफीक और अनिल पुत्र हरी उर्फ रहमान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी चोरी की भैंसों को जंगल की झाड़ियों में छिपाकर रखे हुए थे और उन्हें बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे।

रात में घर के दरवाजे से चुरा ले गए भैंसें

नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम काजीपुर निवासी जिगर अली पुत्र हुकुम अली ने पुलिस को बताया था कि 6 और 7 नवंबर की मध्यरात्रि उनके घर के दरवाजे पर दो भैंसें बंधी थीं। रात में अज्ञात लोग दोनों भैंसों को चोरी कर ले गए। शिकायत मिलने पर नवाबगंज पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मुखबिर की सूचना पर जंगल में पहुंची पुलिस

पुलिस चोरी की घटना का पता लगाने में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की गई दोनों भैंसों के साथ आरोपी कोल्हमपुर विशेन से दयालपुर जाने वाले रास्ते के किनारे जंगल की झाड़ियों में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर झाड़ियों में बैठे दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। मौके से चोरी की दोनों भैंसें भी बरामद कर ली गईं। पुलिस पूछताछ में आरोपी अनिल ने बताया कि उसका अपने पट्टीदार जिगर अली से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने अपने भाई इरफान उर्फ बिसाती, सुनील, छोटू और दिलशाद के साथ मिलकर दोनों भैंसें चोरी की थीं। आरोपियों ने भैंसों को पिकअप पर लादा और जंगल में ले जाकर छिपा दिया।
दिलशाद ने पुलिस को बताया कि वह पिकअप चलाता है। अनिल और उसके साथियों के कहने पर उसने 6 नवंबर की रात ग्राम काजीपुर में पानी की टंकी के पास गाड़ी खड़ी की थी। इसके बाद सभी ने मिलकर भैंसों को पिकअप में लादा था।

तीन अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों भैंसों को अलग-अलग जगह छिपाकर बेचने की तैयारी थी। इसके लिए ग्राहक और सही मौके की तलाश की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने चोरी की घटना में इरफान उर्फ बिसाती, सुनील और छोटू के शामिल होने की बात भी बताई है। पुलिस अब इन तीनों की तलाश कर रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।