गोंडा

बिजली विभाग की MD रिया केजरीवाल का एक्शन, पांच SDO के खिलाफ चार्जशीट के निर्देश, कई अफसरों को लगाई फटकार

MVVNL MD Action: गोंडा में एमवीवीएनएल की एमडी रिया केजरीवाल ने बिजली व्यवस्था और राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया। कई अधिकारियों को चेतावनी दी गई, जबकि 5 एसडीओ के खिलाफ चार्जशीट जारी करने के निर्देश दिए गए।

2 min read
Jun 04, 2026
अधिकारियों के साथ समीक्षा करती MD रिया केजरीवाल फोटो सोर्स बिजली विभाग
अधिकारियों के साथ समीक्षा करती MD रिया केजरीवाल फोटो सोर्स बिजली विभाग

Gonda Electricity Department: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बिजली व्यवस्था और राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। इसके साथ ही बैठक में कई योजनाओं की प्रगति की सराहना भी की। विभागीय कार्यों में लापरवाही मिलने पर कुछ अधिकारियों को चेतावनी दी गई और 5 उपखंड अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट जारी करने के निर्देश दिए गए।

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एमवीवीएनएल) की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने गुरुवार को आईटीआई गेस्ट हाउस मनकापुर में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। जिसमें निदेशक (तकनीकी) इंजीनियर हरीश बंसल, निदेशक (वाणिज्य) इंजीनियर रजत जुनेजा समेत डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के विषय में विधिवत जानकारी ली। सौभाग्य योजना फेस-3 के तहत चयनित मजरों में चल रहे विद्युतीकरण कार्य तथा मई 2026 में आए आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों के विषय में जानकारी लिया। नए विद्युत संयोजनों का समय से वितरण, राजस्व वसूली और विद्युत चोरी रोकने के प्रयासों की विस्तार से समीक्षा की गई।

राजस्व वसूली को लेकर जताया संतोष

समीक्षा के दौरान विगत वित्तीय वर्ष में जिले की राजस्व वसूली में हुई बढ़ोतरी पर प्रबंध निदेशक ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों की सराहना करते हुए राजस्व वसूली को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। हालांकि बिजनेस प्लान के तहत वितरण ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि और उनके प्रोटेक्शन से जुड़े कार्य समय पर पूरे न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इस पर अधिशासी अभियंता मनकापुर इंजीनियर कमर फारूक और अधिशासी अभियंता नवाबगंज इंजीनियर राम शब्द को चेतावनी देते हुए 15 दिन के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

इन पांच उपखंड अधिकारियों को चार्ज शीट जारी करने के निर्देश

इसके अलावा कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर उपखंड अधिकारी मनकापुर इंजीनियर अंसल कुमार, गौरा चौकी इंजीनियर अमित कुमार, नवाबगंज इंजीनियर पीयूष सिंह, तरबगंज इंजीनियर मुकेश कुमार और वजीरगंज इंजीनियर विकास यादव के खिलाफ चार्जशीट जारी करने के निर्देश दिए गए।

इनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

बैठक में उपखंड अधिकारी कटरा बाजार इंजीनियर कैलाश यादव और धानेपुर के उपखंड अधिकारी इंजीनियर शेषमणि त्रिपाठी के बिना अवकाश स्वीकृत कराए मुख्यालय से बाहर रहने और बैठक में अनुपस्थित रहने पर भी नाराजगी व्यक्त की गई। उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य अभियंता वितरण देवीपाटन क्षेत्र गोंडा इंजीनियर यदुनाथ यथार्थ, अधीक्षण अभियंता इंजीनियर सुशील कुमार, अधिशासी अभियंता इंजीनियर राम मोहन पांडे, इंजीनियर रणवीर सिंह समेत जिले के सभी उपखंड अधिकारी उपस्थित रहे।

Published on:
04 Jun 2026 11:15 pm
Also Read
View All