
Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा में मेडिकल कॉलेज में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने एक व्यक्ति और उसकी पत्नी को नौकरी दिलाने का भरोसा देकर 10 लाख रुपये मांगे थे। पीड़ित ने किस्तों में लाखों रुपये देने के साथ नकद भुगतान भी किया। इसके बाद आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया और फरार हो गया। पुलिस ने अब उसे गिरफ्तार कर लिया है।
गोंडा जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अभिषेक दूबे पुत्र कैलाश दूबे निवासी ग्राम आजमपुर, थाना कंधरापुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे लोलपुर पुल के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, गायत्री पुरम सिविल लाइन निवासी अजीत सिंह ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अभिषेक दूबे नाम के व्यक्ति ने उनसे जान-पहचान बढ़ाकर भरोसा जीता। इसके बाद उसने गोंडा के नवीन मेडिकल कॉलेज में डार्क रूम सहायक के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी ने उनकी पत्नी को भी नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने दोनों लोगों को नौकरी दिलाने के बदले कुल 10 लाख रुपये की मांग की थी। उसकी बातों पर भरोसा करके अजीत सिंह ने 25 नवंबर 2024 से 20 मई 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में रुपये देने शुरू कर दिए। इस दौरान उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से कुल 4 लाख 58 हजार 800 रुपये का भुगतान किया। इसके अलावा बाकी रकम नकद भी दी गई।
पीड़ित का आरोप है कि रुपये लेने के बाद अभिषेक दूबे ने उन्हें नियुक्ति पत्र भी दिया। इस पर उन्हें लगा कि अब उनकी नौकरी पक्की हो गई है। वह नियुक्ति पत्र लेकर नवीन मेडिकल कॉलेज गोंडा पहुंचे। वहां संबंधित कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र दिखाया तो उन्होंने उसे फर्जी बताया। कर्मचारियों ने ऐसी किसी नियुक्ति की जानकारी होने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। उन्होंने आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मामला सामने आने के बाद आरोपी फरार हो गया। पीड़ित ने नगर कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभिषेक दूबे के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस तभी से आरोपी की तलाश कर रही थी। शनिवार को पुलिस टीम ने उसे लोलपुर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।