गोंडा

गोंडा में घर लौट रहे सर्राफा व्यापारी पर हमला, लूट में नाकाम बदमाशों ने मारी गोली… इलाके में मचा हड़कंप

गोंडा जिले के छपिया थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने दुकान बंद कर घर जा रहे सर्राफा व्यापारी से लूट की कोशिश की विरोध करने पर गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

2 min read
Apr 19, 2026
घटना के बाद जांच करती पुलिस घायल व्यापारी की फाइल फोटो सोर्स पत्रिका

गोण्डा जिले के छपिया थाना क्षेत्र में देर शाम एक ज्वेलर पर जानलेवा हमला कर लूट की कोशिश की गई। बदमाशों ने व्यापारी को रोककर पहले मारपीट की और विरोध करने पर गोली चला दी। घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां से गंभीर स्थिति के चलते अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले के छपिया थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक सर्राफा व्यापारी पर बदमाशों ने हमला कर लूटपाट की कोशिश की। इस दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने गोली चला दी। जिससे व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान समर कसौधन (25) के रूप में हुई है। जो बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के बभनान वार्ड नंबर 7 का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि समर सिसईरानीपुर में अपनी ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। और रोज की तरह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।
इसी दौरान फूलपुर चौराहे से करीब 100 मीटर पहले नहर के पास पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने पहले बंदूक के बट से उन पर हमला कर उन्हें घायल किया।

लूट का विरोध करने पर व्यापारी को मारी गोली

फिर उनसे लूटपाट करने की कोशिश करने लगे। जब समर ने विरोध किया। तो बदमाशों ने लगातार फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान चली एक गोली उनके बाएं हाथ में जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग दहशत में आ गए। घायल व्यापारी को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) छपिया पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अयोध्या के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही छपिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में बदमाशों की तलाश कर रही है। संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास जारी है।

प्रभारी निरीक्षक बोले- जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा

छपिया थाना के प्रभारी निरीक्षक प्रबोध कुमार ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उन्हें पकड़ने के लिए टीम काम कर रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Published on:
19 Apr 2026 09:37 pm
Also Read
View All