गोंडा

गोंडा में रास्ते के विवाद ने ली युवक की जान: पीपल के पेड़ के नीचे दिनदहाड़े हंसिए से काट डाला, गांव में फैली में सनसनी

गोंडा के बमडेरा गांव में रास्ते के विवाद में 40 वर्षीय अन्नू चौबे की हंसिए से हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना से गांव में दहशत है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

2 min read
Apr 17, 2026
घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ रोते बिलखते परिजन फोटो सोर्स पत्रिका

गोंडा जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र के बमडेरा गांव में रास्ते के पुराने विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे मामूली कहासुनी ने हिंसक झड़प का रूप धारण कर लिया। जिसमें 40 वर्षीय अन्नू दुबे की हंसिए से वार कर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में दहशत फैल गई है। जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

गोंडा जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र के बमडेरा गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां रास्ते के विवाद में एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय अन्नू चौबे के रूप में हुई है। जिनका गांव के ही रहने वाले राम श्रृंगार शुक्ला से लंबे समय से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे दोनों के बीच इसी विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई। पहले गाली-गलौज हुई और मामला बढ़ते-बढ़ते हिंसक हो गया। विवाद के बाद अन्नू चौबे अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित एक पीपल के पेड़ के नीचे जाकर बैठ गए थे। लेकिन तनाव यहीं खत्म नहीं हुआ।

युवक पर हंसिए से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या

बताया जा रहा है कि कुछ ही देर बाद आरोपी राम श्रृंगार शुक्ला वहां पहुंचा। और फिर से विवाद शुरू हो गया। इस बार मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने पास मौजूद हंसिए से अन्नू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के दौरान गले पर गंभीर चोट लगने से अन्नू दुबे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि छोटे-छोटे विवाद किस तरह हिंसक रूप लेकर जानलेवा बन जाते हैं। गांव में फिलहाल तनाव की स्थिति बनी हुई है। जिस पर पुलिस नजर बनाए हुए है।

पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रास्ते के विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है।

Updated on:
17 Apr 2026 08:56 pm
Published on:
17 Apr 2026 08:55 pm
Also Read
View All