गोंडा

Gonda News: अब सरकारी स्कूलों के बच्चे भी देखेंगे सफलता के बड़े सपने, डीएम ने बनाई नई योजना

Gonda News: गोंडा डीएम प्रियंका निरंजन ने सरकारी स्कूलों के बच्चों को प्रेरित करने के लिए मेरा स्कूल मेरा गौरव और एल्यूमिनाई एक्सीलेंस अवार्ड कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत सफल पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। यह पहल जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में लागू होगी।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 5:29 PM IST
Gonda
सरस्वती जी के चित्र पर माल्याअर्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ करती डीएम फोटो सोर्स विभाग

Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा में अब सरकारी स्कूलों के बच्चों को अपने ही विद्यालय से पढ़कर सफल हुए लोगों की कहानियां सुनने और उनसे प्रेरणा लेने का मौका मिलेगा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने इसके लिए ‘मेरा स्कूल मेरा गौरव’ और ‘एल्यूमिनाई एक्सीलेंस अवार्ड’ कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत सफल पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। डीएम ने इस पहल को जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में लागू करने की घोषणा की है।

गोंडा जिले के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करने की नई पहल शुरू की गई है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय लक्ष्मणपुर जाट में ‘मेरा स्कूल मेरा गौरव’ और ‘एल्यूमिनाई एक्सीलेंस अवार्ड’ कार्यक्रम की शुरुआत की। इस कार्यक्रम के तहत स्कूल से पढ़कर अलग-अलग क्षेत्रों में सफल हुए पुराने विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। उनकी सफलता की कहानियां मौजूदा विद्यार्थियों को सुनाई जाएंगी, ताकि बच्चे भी मेहनत करके अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित हों।

अपने ही स्कूल के सफल लोगों से मिलेगी प्रेरणा

इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर बनाने के साथ बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाना है। इसके लिए विद्यालय के ऐसे पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने इसी स्कूल से पढ़ाई करने के बाद सरकारी विभागों, संस्थानों और दूसरे क्षेत्रों में अपनी मेहनत से अच्छी पहचान बनाई है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि स्कूल सिर्फ पढ़ाई करने की जगह नहीं है, बल्कि यहीं से बच्चों के भविष्य की नींव तैयार होती है। जब वर्तमान विद्यार्थी अपने ही विद्यालय से पढ़कर निकले लोगों को अलग-अलग पदों और क्षेत्रों में सफल होते देखेंगे तो उन्हें भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। इससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अपने जीवन में बेहतर करने का प्रयास करेंगे।

स्कूल में तैयार बाल वाटिका में डीएम ने लगाए पौधे

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के बच्चों और शिक्षकों की ओर से तैयार की गई बाल वाटिका का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वाटिका में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। डीएम ने बच्चों और शिक्षकों के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्कूल का वातावरण साफ-सुथरा और सुंदर होने के साथ बच्चों को सीखने के लिए प्रेरित करने वाला भी होना चाहिए। जिलाधिकारी ने घोषणा की कि ‘मेरा स्कूल मेरा गौरव’ और ‘एल्यूमिनाई एक्सीलेंस अवार्ड’ कार्यक्रम जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में लागू किया जाएगा। इससे हर स्कूल अपने पुराने विद्यार्थियों से जुड़ेगा और उनकी उपलब्धियों को बच्चों के सामने रखा जाएगा।

बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई

कार्यक्रम में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी कराई गई। इसके जरिए बच्चों के सही पोषण और गर्भवती महिलाओं की देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी झंझरी, ग्राम प्रधान, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और उनके अभिभावक मौजूद रहे।

Updated on:
13 Nov 2026, 5:29 PM IST
Published on: