गोंडा जिले में भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के दो सदस्यों को कर्नलगंज और परसपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सीतापुर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रात में घरों के बाहर बंधी भैंसों को चोरी करते थे। इसके बाद उन्हें पिकअप वाहन में लादकर बाजार में बेच देते थे। बिक्री से मिले रुपये आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को छितौनी बॉर्डर के पास गोंडा-जरवल मुख्य मार्ग से ग्राम कोनहटा की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर पकड़ा। दोनों मोटरसाइकिल से जा रहे थे। उनकी पहचान राका पुत्र राजकुमार महावत और सलमान पुत्र राकेश महावत निवासी मोहद्दीपुर, थाना महमूदाबाद, जिला सीतापुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 4100 रुपये नकद बरामद हुए।