
Gonda News: गोंडामें भाभी से हुए विवाद के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। मोतीगंज थाना क्षेत्र के पिपरा-भिटौरा अंधरीजोत गांव में विवाद की जानकारी मिलने पर महिला के मायके पक्ष के लोग तीन मोटरसाइकिल से पहुंचे। आरोप है कि घर में घुसकर गाली-गलौज की गई। जिसके बाद दोनों पक्षों से जमकर लाठी डंडे चले। जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं। घायलों का उपचार के बाद पुलिस ने मामले में पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गोंडा जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पिपरा-भिटौरा अंधरीजोत गांव में एक महिला का अपने ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद हो गया था। इसकी जानकारी मिलने पर महिला के मायके पक्ष के लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद घर में घुसकर गाली-गलौज और लाठी-डंडों से मारपीट की गई। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, राजकुमार वर्मा उर्फ सोनू पुत्र चंद्रभान वर्मा निवासी पिपरा-भिटौरा अंधरीजोत ने मोतीगंज थाने में शिकायत दी। उसने बताया कि 8 अक्टूबर 2026 को उसकी भाभी पिंकी वर्मा का घरवालों से विवाद हो गया था।
इसकी जानकारी मिलने पर महिला के मायके पक्ष के राजेंद्र वर्मा, रोहित वर्मा, विकास वर्मा, प्रिंस तिवारी, अमित वर्मा, खुशीलाल गोस्वामी समेत अन्य लोग तीन मोटरसाइकिल से उसके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने एक साथ घर में घुसकर गाली-गलौज की। इसके बाद लाठी-डंडों से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर मोतीगंज थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले में कार्रवाई करते हुए मोतीगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छजवा गांव के उत्तर स्थित आम के बाग से पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित वर्मा पुत्र रामसुधार वर्मा, विकास वर्मा पुत्र काशीराम वर्मा, अमित वर्मा पुत्र राधेश्याम वर्मा, प्रिंस तिवारी पुत्र रामकिशोर तिवारी और खुशीलाल गोस्वामी पुत्र महेश गिरी शामिल हैं। सभी मोतीगंज थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं।
क्षेत्राधिकारी सदर अभिषेक दवाच्या ने बताया कि मोतीगंज थाना क्षेत्र के पिपरा-भिटौरा अंधरीजोत में एक महिला के ससुराल और मायके पक्ष के बीच विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की लिखित शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।