Gonda News: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य 28 अगस्त को एक दिवसीय दौरे पर गोंडा आ रहे हैं। अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा के बाद एक गांव में चौपाल लगाकर अमृत सरोवर का निरीक्षण करेंगे। ग्रामीणों से बात कर योजनाओं की हकीकत से रूबरू होंगे। डिप्टी सीएम के आगमन को लेकर प्रशासन दिन-रात तैयारी में जुटा है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य 28 अगस्त को एक दिवसीय दौरे पर गोंडा पहुंचेंगे। शासन से जारी कार्यक्रम के अनुसार 11 बजे गोंडा पहुंचेंगे। उसके बाद पार्टी के पदाधिकारी के साथ बैठक करेंगे। फिर डीएम एसपी सहित जिले के अन्य अधिकारियों के साथ विकास कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद इटियाथोक विकासखंड की ग्राम पंचायत लखनीपुर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। फिर इसी विकासखंड की गांव पंचायत सझवल में अमृत सरोवर का निरीक्षण करने के बाद चौपाल कार्यक्रम में ग्रामीणों से संवाद करेंगे। डिप्टी सीएम के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन तैयारी में जुड़ गया है।
डिप्टी सीएम के कार्यक्रम को लेकर डीएम नेहा शर्मा ने इटियाथोक विकासखंड की ग्राम पंचायत संझवल में अमृत सरोवर पर पहुंचकर डिप्टी सीएम के जन चौपाल कार्यक्रम की तैयारी का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को समय के रहते सब कुछ दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डीएम ने मंच पश्चिम दिशा में लगाने को कहा। ताकि अमृत सरोवर परियोजना का लुक सीधा दिखाई पड़े। उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए यहां सौ सफाई कर्मियों की फौज लगा दी गई है। ताकि अमृत सरोवर से लेकर गांव की गली मोहल्ले में गंदगी का नामोनिशान नहीं दिखाई पड़े। डीएम ने मौके पर घूम रहें छुट्टा जानवरों को पकड़वा कर गो-आश्रय केंद्र भेजने का निर्देश दिया। बरसों पूर्व कार्यदाई संस्था द्वारा अमृत सरोवर पर लगाए गए बिजली के पोल पर तार बिछा कर बिजली सप्लाई चालू करने तथा अमृत सरोवर पर जाने वाले अप्रोच को अति शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिया। यहां तक कि घरौनी, वृद्धा, विधवा व दिव्यांग जनों के पेंशन, आवास और राजस्व रिकॉर्ड अपडेट किया जा रहा है। पंडाल लगाने से लेकर साफ सफाई तक के लिए आपा-धापी मची हुई है। अमृत सरोवर के घाट की सीढ़ियों को चमकाया जा रहा है।