Gonda News: परिषदीय विद्यालय एक प्रधानाध्यापक का विवादों से पुराना नाता है। एक शिक्षिका सहित दो अध्यापकों के मामले में हुई जांच के बाद शिकायत सही होने पर बेसिक शिक्षाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया।
Gonda News: गोंडा महिला शिक्षक के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने के मामले में एक प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की कार्रवाई बेसिक शिक्षा अधिकारी ने की है। इसके साथ ही बीएसए ने आरोपित प्रधानाध्यापक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का भी निर्देश दिया है। अब इस पूरे प्रकरण की जांच खंड शिक्षा अधिकारियों की दो सदस्यीय टीम करेगी।
गोंडा जिले के इटियाथोक शिक्षा क्षेत्र अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय नारे महरी पुर में तैनात सहायक अध्यापक सावित्री देवी ने बीएसए को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिक विद्यालय पेमई पुरवा के प्रधानाध्यापक विश्वजीत यादव पर अभद्रता करने व सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट लिखने का गंभीर आरोप लगाया था। महिला अध्यापक का यह भी आरोप है, कि विश्वजीत यादव ने उनके पति के मोबाइल पर फोन कर गाली-गलौज की है। वहीं कंपोजिट विद्यालय बेंदुली में कार्यरत सहायक अध्यापक सुधाकर शुक्ला ने भी विश्वजीत यादव के खिलाफ बीएसए से शिकायत कर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उक्त दोनों शिकायतों को संज्ञान में लेकर जब बीएसए ने इसकी विधिवत जांच करायी तो आरोप सही पाए गए। खंड शिक्षाधिकारी इटियाथोक उपेंद्र त्रिपाठी की जांच रिपोर्ट पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक विश्व जीत यादव को निलंबित करते हुए हलधर मऊ ब्लाक संसाधन केंद्र से संबद्ध कर दिया है। खबर है, पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय राम खेलावन सिंह व कटरा बाजार की खंड शिक्षा अधिकारी सीमा पांडे की दो सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।