
Gonda Boat Subsidy Scheme: गोंडा जिले के मछुआरों और नाव खरीदने के इच्छुक लोगों के लिए अच्छी खबर है। मत्स्य विभाग ने निषादराज बोट सब्सिडी योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी है। पात्र अभ्यर्थी 9 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने कहा है कि निर्धारित समय के भीतर आवेदन करने वाले पात्र लोगों को योजना का लाभ दिया जाएगा।
गोंडा में चल रही इस योजना का उद्देश्य जिले के मछुआरों और नाव की जरूरत रखने वाले पात्र लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। ताकि वे अपनी आजीविका को बेहतर बना सकें। मत्स्य पालक विकास अभिकरण के अधिकारियों के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी 9 जुलाई 2026 से 24 जुलाई 2026 तक विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल तय अवधि के दौरान ही स्वीकार किए जाएंगे। इसलिए समय रहते आवेदन करना जरूरी है।
विभाग ने बताया कि आवेदन करने से पहले अभ्यर्थी योजना की सभी शर्तों को ध्यान से पढ़ लें। पोर्टल पर योजना की पूरी जानकारी उपलब्ध है। बोट की निर्धारित लागत, मिलने वाली सब्सिडी, जरूरी दस्तावेज और आवेदन की प्रक्रिया उपलब्ध कराई गई है। इससे आवेदकों को आवेदन करने में आसानी होगी। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि शासन की ओर से योजना के नियमों में किसी प्रकार का बदलाव किया जाता है। तो वही नए नियम लागू होंगे। इसलिए आवेदकों को आवेदन करते समय विभाग द्वारा जारी ताजा दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए।
इसके अलावा जिन लोगों ने पिछले वर्षों में आवेदन किया था। लेकिन किसी कारणवश उनका आवेदन निरस्त हो गया था। या वह प्रतीक्षा सूची में रह गए थे। उन्हें भी इस बार दोबारा आवेदन करने का अवसर दिया गया है। ऐसे अभ्यर्थी भी निर्धारित समय के भीतर नया आवेदन जमा कर सकते हैं।
योजना से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए इच्छुक लोग कार्य दिवसों में विकास भवन स्थित मत्स्य पालक विकास अभिकरण कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। मत्स्य विभाग ने सभी पात्र मछुआरों और लाभार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते ऑनलाइन आवेदन कर इस सरकारी योजना का लाभ उठाएं।