गोंडा

Gonda Power Cut: गोंडा में बिजली कटौती से भड़के ग्रामीण, हाथ में हनुमान चालीसा लेकर पावर हाउस पहुंचे, कर्मचारियों से पूछा- 24 घंटे में कितने घंटे देते हो करंट?

Gonda Electricity News: गोंडा के कटरा क्षेत्र में बिजली कटौती से परेशान ग्रामीण हाथ में हनुमान चालीसा लेकर पावर हाउस पहुंच गए। ग्रामीणों ने बिजली कर्मचारियों से 24 घंटे की सप्लाई का हिसाब पूछा। विवाद के बाद जेई ने पुलिस में तहरीर दी।
2 min read
Aug 30, 2026
Gonda Electricity Cut Gonda Power Cut News Gonda Electricity News
गोंडा में बिजली कटौती से भड़के ग्रामीण

Gonda Electricity Cut:गोंडा जिले के ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती को लेकर लोगों का गुस्सा अब अलग-अलग तरीके से सामने आने लगा है। कटरा क्षेत्र में बिजली की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। बड़ी संख्या में लोग हाथ में हनुमान चालीसा लेकर कटरा ग्रामीण पावर हाउस पहुंच गए। वहां बिजली कर्मचारियों के सामने हनुमान चालीसा रखते हुए ग्रामीणों ने सवाल किया- “हनुमान चालीसा की कसम खाकर बताओ, 24 घंटे में कितने घंटे बिजली देते हो?”

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में बिजली कब आएगी और कब चली जाएगी, इसका कोई भरोसा नहीं है। दिन हो या रात, अचानक सप्लाई बंद हो जाती है। उनका आरोप है कि कई बार पावर हाउस पर बिजली उपलब्ध होने के बावजूद गांवों की सप्लाई बंद रखी जाती है।

खेती से पढ़ाई तक प्रभावित

ग्रामीणों के मुताबिक लगातार बिजली कटौती का असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं है। किसान सिंचाई को लेकर परेशान हैं, जबकि बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से परिवारों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसी समस्या को लेकर ग्रामीण पावर हाउस पहुंचे और कर्मचारियों से बिजली सप्लाई को लेकर जवाब मांगा। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस हुई। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बिजली कर्मचारियों ने लगाया गाली-गलौज और धमकी का आरोप

मामला बढ़ने के बाद कटरा ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र के जेई आदर्श कुमार ओझा ने कटरा बाजार थाने में तहरीर दी है। जेई का आरोप है कि पावर हाउस पहुंचे कुछ ग्रामीणों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, मारपीट और धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ग्रामीण पावर हाउस को जबरन बंद कराने का दबाव बना रहे थे।

ग्रामीण बोले- शिकायत करने गए थे, मारपीट नहीं की

वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मचारी के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि वे किसी विवाद के लिए नहीं, बल्कि इलाके में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती की शिकायत करने पावर हाउस पहुंचे थे। ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने न तो कर्मचारियों के साथ मारपीट की और न ही गाली-गलौज की। फिलहाल पावर हाउस पर हुए विवाद के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। एक तरफ बिजली कर्मचारी ग्रामीणों पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, तो दूसरी ओर ग्रामीण लगातार बिजली कटौती को लेकर अपनी परेशानी बता रहे हैं। ऐसे में अब पुलिस की जांच के साथ यह भी सवाल बना हुआ है कि आखिर कटरा क्षेत्र में बिजली सप्लाई को लेकर ग्रामीण इतने नाराज क्यों हैं और उनकी शिकायत का समाधान कब होगा।

Updated on:
30 Aug 2026 06:47 pm
Published on:
30 Aug 2026 06:47 pm