
Voter List Update: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए अब एक ही फार्म-6 बार-बार जमा नहीं हो सकेगा। निर्वाचन विभाग ने ऐसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए नई पहल की है। इसके तहत जिले के सभी जन सुविधा केंद्र (CSC) संचालकों को ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही अधिकारियों और BLO को भी आवेदन की जांच करते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
गोंडा जिले में मतदाता सूची में नए वोटरों का नाम जोड़ने के लिए आवेदन करने वालों के लिए यह जरूरी खबर है। अब जन सुविधा केंद्रों (CSC) से एक ही व्यक्ति का फार्म-6 बार-बार जमा होने की समस्या रोकने के लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए जिले के सभी CSC संचालकों को ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्हें बताया जाएगा कि आवेदन करते समय किन बातों का ध्यान रखना है, जिससे एक ही व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में कई बार दर्ज न हो। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस संबंध में जिले के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। यह कदम मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की ओर से 5 नवंबर 2026 को जारी पत्र के आधार पर उठाया गया है।
दरअसल, मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए पात्र नागरिक ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरीकों से फार्म-6 भर सकते हैं। कई बार लोग खुद या जन सुविधा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर देते हैं। आवेदन जमा होने के बाद उनके मोबाइल पर रेफरेंस नंबर का मैसेज नहीं पहुंचता। ऐसे में उन्हें लगता है कि उनका आवेदन जमा नहीं हुआ है। इसी गलतफहमी में वे दोबारा फार्म-6 भरकर जमा कर देते हैं। कई बार जन सुविधा केंद्र के माध्यम से भी दोबारा आवेदन कर दिया जाता है। इससे एक ही व्यक्ति के नाम की मतदाता सूची में एक से अधिक प्रविष्टियां दर्ज होने की आशंका रहती है। निर्वाचन विभाग ने इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसे रोकने की तैयारी की है।
निर्वाचन विभाग की ओर से सभी जन सुविधा केंद्र संचालकों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें उन्हें आवेदन जमा करने से जुड़े जरूरी नियम और सावधानियां समझाई जाएंगी। खासतौर पर यह बताया जाएगा कि पहले से आवेदन करने वाले व्यक्ति का दोबारा फार्म-6 जमा न हो।
इसके अलावा सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें आवेदन की जांच करते समय यह ध्यान रखना होगा कि किसी आवेदक का फार्म-6 एक से अधिक बार दर्ज न हो। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से निर्देशों का ठीक से अध्ययन कर जरूरी कार्रवाई करने और इसकी रिपोर्ट देने को कहा है। इस पहल का उद्देश्य मतदाता सूची को सही रखना और एक ही व्यक्ति के नाम की बार-बार एंट्री होने से रोकना है।