
Gonda News: गोंडा के वजीरगंज इलाके में पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने टिकरी जंगल की झाड़ियों में छिपाकर रखी गईं चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जबकि एक किशोर को पुलिस संरक्षण में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने गोंडा, अयोध्या और संतकबीरनगर समेत अलग-अलग जगहों से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की।
गोंडा जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने टिकरी जंगल में छिपाकर रखी गईं चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि एक बाल अपचारी किशोर को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, वजीरगंज थाने के उपनिरीक्षक प्रभाकर पाण्डेय अपनी टीम के साथ टिकरी चौराहे के आगे सड़क पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने के लिए गनेशपुर ग्रंट जाने वाले खड़ंजा मार्ग के पास टिकरी जंगल की झाड़ियों में छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने टिकरी जंगल में घेराबंदी की। तलाशी के दौरान झाड़ियों में छिपाकर रखी गईं सात मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को पकड़ लिया और एक किशोर को पुलिस संरक्षण में ले लिया। बरामद मोटरसाइकिलों में एक बाइक वजीरगंज थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे से जुड़ी मिली। इसके बाद अन्य बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में भी मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चारों मिलकर अलग-अलग जिलों में मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी करने के बाद बाइक को जंगल या किसी सुनसान जगह पर छिपा देते थे। इसके बाद मौका देखकर उन्हें सस्ते दामों पर बेचने की योजना बनाते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पकड़े जाने से बचने के लिए मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट बदल देते थे या उसे निकालकर फेंक देते थे। ताकि उनकी पहचान न हो सके। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मोटरसाइकिल संख्या UP51BY3184 को दीपावली के दिन वजीरगंज थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर पचूमी बाजार से चोरी किया था। वहीं, UP42BU8339 को अयोध्या के धर्म चौक से चुराया था। इसके अलावा UP42BK6545 समेत दो अन्य मोटरसाइकिलें अयोध्या के नया घाट से चोरी करने की बात स्वीकार की। पूछताछ में एक मोटरसाइकिल अयोध्या के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र और दूसरी संतकबीरनगर के मगहर से चोरी करने की जानकारी भी दी। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों और चोरी की घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।