
Gonda Crime: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में शादी कराने का झांसा देकर युवती को दूसरे युवक के संपर्क में लाने और फिर उसके साथ दुष्कर्म कराने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने वादी की पहली पत्नी की बेटी को अपने झांसे में लेकर बलरामपुर पहुंचाया था। इसके बाद युवक उसे श्रावस्ती के एक होटल में ले गया, जहां दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।
गोंडा जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में युवती को शादी कराने का झांसा देकर दूसरे युवक के संपर्क में लाने और उसके साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने वांछित महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार महिला की पहचान साफिया खातून के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 11 नवंबर 2026 को मनकापुर बस स्टॉप के पास से पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में वादी मुकदमा और पीड़िता के बयानों के साथ दूसरे उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 61(1) भी बढ़ाई गई है। इस धारा के तहत आपराधिक साजिश से जुड़े आरोप में कार्रवाई की जाती है।
पुलिस के अनुसार, साफिया खातून पर आरोप है कि उसने वादी की पहली पत्नी की बेटी को शादी कराने का भरोसा दिलाया था। इसी बहाने वह युवती को नूर आलम के संपर्क में लाई। इसके बाद साफिया युवती को अपने साथ बलरामपुर ले गई और वहां से उसे नूर आलम के साथ भेज दिया। आरोप है कि नूर आलम युवती को श्रावस्ती स्थित एक होटल में ले गया। वहां उसने शादी करने का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने पहले से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर महिला की भूमिका भी सामने आई।
कोतवाली देहात पुलिस आरोपी साफिया खातून की तलाश कर रही थी। 11 नवंबर को पुलिस टीम उसकी खोजबीन में जुटी थी। इसी दौरान मनकापुर बस स्टॉप के पास वादी मुकदमा ने पुलिस को सूचना दी कि आरोपी महिला पान की दुकान के पास खड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। वादी ने महिला की पहचान की। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों की मदद से साफिया खातून को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं, मामले में नूर आलम पर लगे आरोपों की जांच भी मुकदमे की विवेचना के तहत की जा रही है।