गोंडा

ला नीना ने बढ़ाई ठिठुरन! कांपने लगी रातें, तापमान 8 डिग्री तक लुढ़का, क्या नवंबर के अंत तक होगी बारिश?

मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है। यूपी में अब ला नीना का असर दिखने लगा है। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक पहुंच गया है। दिन में गुनगुनी धूप और रात में ठिठुरन बढ़ गई है। नवंबर के अंत तक मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।

2 min read
Nov 18, 2025
कोहरा की फोटो सोर्स पत्रिका

उत्तर प्रदेश में मौसम का रुख लगातार बदल रहा है। रात के समय ठंडी हवाओं के कारण पारा तेजी से गिर रहा है। जबकि दिन में हल्की धूप मिल रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में रात का तापमान और नीचे जा सकता है। किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए विशेष सावधानी रखने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों के अनुसार रात का पारा धीरे-धीरे बढ़ेगा। लेकिन 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने तक शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है।

पिछले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी जरूर दर्ज हुई है। लेकिन धूप में भी ठंडक का अहसास बरकरार है। ‘ला नीना’ बनने की संभावना के चलते इस बार सर्दी अधिक तीव्र और लंबी रहने की आशंका है। दिसंबर के पहले हफ्ते से इसका प्रभाव साफ नजर आने लगेगा। सोमवार को प्रदेशभर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जो इस सीजन का सबसे कम है।

पहाड़ों पर समय से पहले जमकर हुई बर्फबारी

जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम के चरम स्वरूप बढ़ रहे हैं। भारी बारिश के बाद पहाड़ों पर समय से पहले जमकर बर्फबारी हुई है। जिसका असर मैदानों में ठिठुरन के रूप में महसूस होने लगा है। कानपुर यूपी का सबसे ठंडा शहर रहा। सोमवार को रात का पारा 8 डिग्री पहुंच गया। जो सामान्य से 4.5 डिग्री कम रहा। अधिकतम तापमान भी मात्र 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जो नवंबर का सबसे कम अधिकतम तापमान है। इन दिनों कानपुर कई बार प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक ला नीना सक्रिय होते ही तापमान में और बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी।

क्या है ला नीना, नवंबर के अंत तक हो सकती बारिश

मौसम विशेषज्ञ के अनुसार ला नीना के दौरान प्रशांत महासागर के सतही जल का तापमान काफी घट जाता है। जिससे उत्तर भारत में सर्दी ज्यादा बढ़ जाती है। इस बार भी ऐसी ही परिस्थितियाँ बनती दिख रही हैं। नवंबर के अंत में बारिश की संभावना जताई गई है। जिसके बाद ठंड और तेज हो सकती है।

Also Read
View All

अगली खबर