गोंडा

अधेड़ की कमर के नीचे का हिस्सा था गायब, अधजला शव मिलने से मचा हड़कम्प

छप्पर में सो रहे व्यक्ति की धारदार हथियारों से अंग-भंग करके हत्या कर दी गई। उसका कमर के नीचे का आधा हिस्सा गायब था।

2 min read
Jan 12, 2018
Gonda

गोंडा. छप्पर में सो रहे व्यक्ति की धारदार हथियारों से अंग-भंग करके हत्या कर दी गई। उसका कमर के नीचे का आधा हिस्सा गायब था। तथा हत्या के बजाय हादसा बनाने के लिए आधे शव को आग से जला दिया गया। इसकी भनक लोगों को शुक्रवार की दोपहर हुई जब कुत्ते एक पैर के कटे हुए पन्जे को लेकर नोंच रहे थे। उसके बाद गांव में सुगबुगाहट हुई तब ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

मामला करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गददोपुर का है। इस गांव में कटरा बाजार क्षेत्र के विधायक बावन सिंह का भी आवास है। उसी गांव में सुशील कुमार सिंह (42) पुत्र रामनरायन सिंह का घर है। वह अपने पक्के मकान के बगल में एक छप्पर में खाना बनाता और खाता था। उसके बाद अपने पक्के मकान में सोने के लिए चला जाता था। गुरुवार की रात्रि में वह अपने छप्पर में ही था। शुक्रवार को दोपहर करीब 11 बजे गांव के युवक एक मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। उसी बीच एक कुत्ता मनुष्य के पैर का एक पंजा नोंच रहा था। जिसे लड़कों ने देखा तो गांव में चर्चा होने लगी। उसके बाद लोगों ने गांव में तलाश शुरु की तो सुशील कुमार के छप्पर में उसका अधजला शव पड़ा हुआ था। पहले लोगों को शक हुआ कि गैस सिलेन्डर से जलकर मौत हुई है। मगर जब मौके पर डायल 100 की पुलिस पहुंची तो देखा कि उसका सीने के नीचे का आधा धड़ ही नहीं था। किसी धारदारहथियार से कटा पैर उसी का था। मौके पर दो गैस सिलेन्डर रखे थे जिनमें गैस भरी हुई थी। छप्पर भी सुरक्षित था। तब लोगों को हत्या होने का अंदेशा हुआ।

लोगों को शक है कि पहले सुशील की हत्या की गई और बाद में उसके आधे अंग को गैस से आग के हवाले कर दिया गया। जबकि जो पैर मिला है वह धारदार हथियार से कटा हुआ पाया गया। गांव के लोग इसे हत्या ही मान रहे हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची डायल 100 की पुुलिस ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। उसके बाद कोतवाली पुलिस ने पहुंच कर छानबीन शुरु की। तथा कुत्तों द्वारा खेत में ले जाया गया पैर उठवाया।

मामला संदिग्ध देख पुलिस ने डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया। पुलिस जांच में जुटी रही। मौके पर मौजूद कोतवाल वेद प्रकाश श्रीवास्तव बताते हैं कि युवक की मौत संदिग्ध है। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। हर स्तर पर उसे देखा जा रहा है। हांलाकि किसी की ओर से कोई तहरीर अभी नहीं मिली है। शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

Updated on:
12 Jan 2018 08:42 pm
Published on:
12 Jan 2018 08:39 pm
Also Read
View All