
Up Rain Alert: यूपी में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम शुष्क और आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। जबकि प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में सक्रिय मौसमी तंत्रों के कारण असमय बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तापमान में हल्की गिरावट और कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की चेतावनी जारी की है।
Rain Alert in up: उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि पूर्व-मध्य अरब सागर पर बने निम्न दबाव क्षेत्र से लेकर पश्चिमी मध्य प्रदेश तक फैली द्रोणी रेखा (ट्रफ) और निचले वायुमंडल में अरब सागर से आ रही है। नमी के साथ पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। इसके चलते बुंदेलखंड क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सटे जिलों में 27 अक्तूबर को बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। वर्तमान समय में खरीफ की मुख्य फसल धान की मड़ाई का काम चल रहा है। अधिकांश किसानों ने फसल को काटकर खेतों में सूखने के लिए छोड़ दिया है। ऐसे में बारिश होने से धान की फसलों का नुकसान होने की संभावना किसान जता रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र के कारण 28 अक्तूबर को आंध्र प्रदेश तट को पार करते हुए एक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। जिसके कमजोर अवशेष दक्षिणी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के मौसम को प्रभावित करेंगे। इससे 29 से 31 अक्तूबर के बीच पूर्वांचल के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी।
मौसम के रुख को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा था कि छठ पर्व तक प्रदेश में ठंड बढ़ने लगेगी। फिलहाल उत्तर प्रदेश में सुबह और शाम के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। तापमान 1 से 2 डिग्री तक नीचे आया है। कई इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा भी छाने लगा है। शहरों के मुकाबले गांवों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।