यूपी के गोंडा जिले में एक बहुत ही दर्दनाक घटना सामने आई है। रिटायर्ड लेखपाल की इकलौते बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कमरे से बदबू आने पर पड़ोसियों ने सूचना दी। आठ बहनों के इकलौते भाई की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया।
गोंडा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के पथवालिया पोर्टरगंज बाजार, लखनऊ हाईवे रोड स्थित एक मकान में गुरुवार को 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कृष्ण मोहन चौबे उर्फ अनमोल चौबे के रूप में हुई है।
गोंडा में रिटायर्ड लेखपाल का बेटा मकान में अकेला रहता था। पड़ोसियों को घर से तेज दुर्गंध आने पर अनहोनी की आशंका हुई। इस पर रिश्तेदार को सूचना दी गई। जिन्होंने तत्काल डायल 112 और नगर कोतवाली पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा खुला तो अंदर का दृश्य देखकर लोग सन्न रह गए। कमरे में बेटे का शव पड़ा था। लोगों के मुताबिक दो से तीन दिन पुराना था। बुरी तरह सड़ने के कारण तेज दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल का को सीओ नगर ने बारीकी से जांच पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।सीओ नगर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
परिजनों के अनुसार, कृष्ण मोहन नशे का आदी था। आए दिन घर में विवाद करता था। इसी कारण 24 तारीख को उसके माता-पिता घर छोड़कर दामाद के यहां चले गए थे। मृतक के पिता सांवली मोहन चौबे रिटायर्ड लेखपाल हैं। परिवार में 8 बेटियां और एकमात्र बेटा अनमोल था। नशे की लत के चलते उसकी शादी भी टूट चुकी थी। पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।