गोंडा

रिश्वत के आरोप में चौकी प्रभारी पर गिरी गाज: शिकायत मिलते ही SP ने किया लाइन हाजिर, बैठाई जांच

गोंडा में रिश्वत के आरोप में चौकी प्रभारी पर बड़ी कार्रवाई हुई है। 15 हजार रुपये लेने की शिकायत के बाद SP ने तुरंत लाइन हाजिर कर दिया। मामले की जांच सीओ सदर को सौंप दी।

2 min read
Mar 09, 2026
उत्तर प्रदेश पुलिस (प्रतीकात्मक तस्वीर)

गोंडा में रिश्वतखोरी की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सख्त कार्रवाई की है। देहात कोतवाली क्षेत्र की दर्जीकुंआ चौकी के प्रभारी सुनील कुमार पाल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।

गोंडा जिले में एक व्यक्ति से कथित रूप से रिश्वत मांगने के आरोप में दर्जीकुंआ चौकी प्रभारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी सुनील कुमार पाल को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया है। विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक यह मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर गांव से जुड़ा है। गांव के रहने वाले गुलाम हैदर ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी कि एक कोर्ट वारंट के सिलसिले में उन्हें चौकी पर बुलाया गया था। वहां उन्हें करीब छह घंटे तक बैठाकर रखा गया।

शिकायतकर्ता का आरोप चौकी से छोड़ने के लिए मांगी 15 हजार की रिश्वत

गुलाम हैदर का आरोप है कि चौकी से छोड़ने के बदले उनसे 15 हजार रुपये की मांग की गई। पैसे की व्यवस्था करने के लिए उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ी। उन्होंने अपनी पत्नी के जेवर गिरवी रखकर पैसे जुटाए। यह रकम चौकी प्रभारी को दे दी। आरोप है कि पैसे मिलने के बाद ही उन्हें वहां से जाने दिया गया। इस घटना से परेशान होकर गुलाम हैदर ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। उन्होंने एक वीडियो भी जारी किया। जिसमें अपनी पूरी आपबीती बताई। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई।

एसपी ने सीओ को सौंपी जांच

एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की जांच सीओ सदर शिल्पा वर्मा को सौंपी गई है। उनसे जल्द रिपोर्ट देने को कहा गया है। एसपी ने साफ कहा कि जिले में भ्रष्टाचार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
09 Mar 2026 09:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर