गोंडा के कटरा बाजार में फर्जी तरीके से 12वीं तक पढ़ाई कराने वाले स्कूल पर बड़ा एक्शन, एसडीएम ने किया सील। जांच में खुलासा होने के बाद एक लाख रुपये जुर्माना लगा है। जिससे गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों के संचालकों में हड़कंप मच गया है।
गोंडा के कटरा बाजार क्षेत्र में एक निजी स्कूल पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। स्कूल के पास केवल कक्षा 8 तक की मान्यता थी। लेकिन वहां 12वीं तक की पढ़ाई कराई जा रही थी। शिकायत मिलने पर जांच हुई। सच्चाई सामने आने के बाद एसडीएम ने स्कूल को सील कर एक लाख रुपये जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
गोंडा जिले के कटरा बाजार इलाके में संचालित एक निजी विद्यालय की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां केजीएन पब्लिक स्कूल नाम का संस्थान केवल कक्षा 8 तक मान्यता प्राप्त था। लेकिन स्कूल प्रबंधन नियमों की अनदेखी करते हुए इंटरमीडिएट यानी कक्षा 12 तक की कक्षाएं चला रहा था। इस मामले की शिकायत शासन स्तर तक पहुंची। जिसके बाद प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए जांच के आदेश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर तीन सदस्यीय टीम गठित की गई, जिसकी अध्यक्षता कर्नलगंज की उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने की। टीम में बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) और जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) भी शामिल थे। जांच के दौरान टीम ने स्कूल के दस्तावेजों और संचालन व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इसमें साफ तौर पर पाया गया कि विद्यालय के पास केवल कक्षा 8 तक की ही मान्यता है। जबकि वहां 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई भी कराई जा रही थी। यह पूरी तरह से नियमों का उल्लंघन था। अनियमितताओं की पुष्टि होते ही प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कूल को सील कर दिया। साथ ही, गैर-मान्यता प्राप्त कक्षाओं को तत्काल बंद करा दिया गया। स्कूल के बाहर नोटिस भी चस्पा किया गया है। जिसमें कार्रवाई की जानकारी दी गई है।
इसके अलावा, विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे। ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे। इस कार्रवाई के बाद इलाके के अन्य गैर-मान्यता प्राप्त स्कूल संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।