
Ramji Lal Suman Non Veg Video: उत्तर प्रदेश के गोंडा में भाजपा विधायक विनय द्विवेदी ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामजी लाल सुमन पर नवरात्रि के दौरान मांसाहारी पार्टी आयोजित करने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे सपा की मानसिकता से जोड़ते हुए कहा कि रामजी लाल सुमन झूठे दावे करते हैं और हिंदू होने का दिखावा करते हैं, जबकि उनके दिल और दिमाग कहीं और हैं। विनय द्विवेदी ने उनके सार्वजनिक रूप से शारीरिक संबंध बनाने का नारा लगाने का भी जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या में कांग्रेस के सम्मेलन के दौरान मछली पार्टी आयोजित किए जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा।
पीलीभीत में समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन का नवरात्रि के दौरान नॉनवेज खाने का वीडियो सामने आने के बाद सियासी विवाद शुरू हो गया है। सांसद 13 अक्टूबर को पीलीभीत में आयोजित पीडीए सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। इसके बाद वह सपा नेता मोहम्मद आरिफ के घर गए, जहां दावत में कुछ नेताओं को चिकन फ्राई और चटनी खाते देखा गया।
वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि जब नवरात्रि के दौरान मांस की दुकानों को बंद रखने की बात कही जा रही है, तो नॉनवेज पार्टी कैसे हुई और मांस कहां से आया? मंत्री ने कहा कि सांसद ही नवरात्रि में नॉनवेज खा रहे हैं, तो कार्यकर्ता से क्या उम्मीद की जाए। उन्होंने इसे सपा की कथनी और करनी में अंतर बताया और जिलाधिकारी को पत्र लिखकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
संजय गंगवार ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सनातनी होने का दिखावा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने नवरात्रि में नॉनवेज खाया। मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि सुमन ने हिंदू देवी-देवताओं और ब्राह्मण समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की हैं। उन्होंने कहा कि किसी को भी किसी धर्म के बारे में व्यक्तिगत टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।
मंत्री के आरोपों पर सपा जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने पलटवार किया। उन्होंने भाजपा पर दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता मंदिर में मछली-भात खाते हैं या उत्तर प्रदेश में भाजपा के सहयोगी सावन के दौरान नॉनवेज खाते हैं, तो ऐसे सवाल नहीं उठाए जाते। धर्मेश गंगवार ने सवाल किया कि क्या भाजपा अब यह तय करेगी कि दलित क्या खाएंगे और क्या पिएंगे? उन्होंने कहा कि भाजपा अलग-अलग मामलों में अलग रवैया अपनाती है।