सोशल मीडिया पर सड़क निर्माण का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि शिकायत पर सड़क की जांच करने पहुंचे अधिशासी अभियंता एक किसान को गाली दे रहे हैं।
गोंडा जिले के कर्नलगंज क्षेत्र में सड़क निर्माण की शिकायत की जांच करने पहुंचे लोक निर्माण विभाग के एक अधिशासी अभियंता का किसान से तीखा विवाद हो गया। बातचीत के दौरान अधिकारी के आपत्तिजनक शब्दों और धमकी भरे लहजे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले ने तूल पकड़ लिया है।
यह मामला जिले के कर्नलगंज के गुरुसड़ी गांव का बताया जा रहा है। गांव के रहने वाले राहुल गोस्वामी ने आरोप लगाया है कि लोक निर्माण विभाग खंड द्वितीय की ओर से उनके खेत के पास सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। उनका कहना है कि निर्माण के दौरान सड़क की सीमा बढ़ाकर उनके खेत की जमीन में भी काम कर लिया गया। राहुल ने इस संबंध में आइजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने मामले की जांच के निर्देश दिए। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जिसमें शिकायत को सही पाया गया। बताया गया कि ठेकेदार ने किसान को भरोसा दिया था कि सड़क पर डामर बिछाने के समय खेत की जमीन छोड़ दी जाएगी। हालांकि किसान का कहना था कि अभी जो पत्थर डाले गए हैं। उन्हें तुरंत हटाया जाए। वरना बाद में दिक्कत होगी।
किसान ने दोबारा शिकायत की तो जांच की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता विनोद त्रिपाठी को सौंपी गई। आरोप है कि उन्होंने शुरू में मामले को गंभीरता से नहीं लिया। कई बार फोन करने के बाद वे बुधवार दोपहर मौके पर पहुंचे। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अधिकारी किसान से नाराज दिख रहे हैं। और कठोर शब्दों का इस्तेमाल करते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में वे सरकारी काम में बाधा डालने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। साथ ही यह भी कहते दिख रहे हैं कि काम पूरा होने के बाद स्थिति ठीक कर दी जाएगी।
अधिशासी अभियंता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वे गाली देते हुए वे धमका रहे हैं। वीडियो में कह रहे है कि मार लाठी तोड़कर दुरूस्त कर देंगे। सरकारी काम बाधा डालोगे तो सारी गुंडई निकाल देंगे। जिसकाे बुलाना हो बुला मैं यही खड़ा हू। अभी काम चल रहा है। काम पूरा हो जाने के बाद सब दुरुस्त कर देंगे। लेकिन इसने फोन कर करके पागल कर दिया। हालांकि इस वायरल वीडियो कब और कहां का है। इसकी पुष्टि राजस्थान पत्रिका नहीं करता है। वीडियो में गाली का प्रयोग किया गया है। ऐसे में इसे लगाया नहीं जा सकता।