जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मुख्यमंत्री के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए बनाए जा रहे हेलीपैड, राम कथा कार्यक्रम स्थल, मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों द्वारा अब तक की गई तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। हेलीपैड की व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें। ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।