हमें सरकार ने आश्वासन दिया है। हम न्याय मिलने की उम्मीद करते हुए वापस जा रहे हैं: बजरंग पूनिया
डब्ल्यूएफआई यानी भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों ने अपना धरना खत्म कर दिया है। सरकार की ओर से जांच कमेटी बनाए जाने की घोषणा के बाद पहलवानों ने शुक्रवार रात को अपना धरना वापस ले लिया। बुधवार से 30 से ज्यादा पहलवान दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहे थे।
ओवरसाइट कमेटी करेगी आरोपों की जांच: ठाकुर
शुक्रवार देर रात पहलवानों के साथ मीडिया के सामने आए खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, खिलाड़ियों के साथ लगातार चर्चा चली। सभी खिलाड़ियों ने भारतीय कुश्ती संघ पर गंभीर आरोप लगाए और क्या सुधार ये चाहते हैं, ये बात भी सामने आई। एक ओवरसाइट कमेटी का गठन किया जाएगा। अगले 4 हफ्तों में ये अपनी जांच को पूरा करेंगे।
ठाकुर ने कहा कि जांच पूरी होने तक एक कमेटी कुश्ती संघ के कामकाज को देखेगी। तब तक भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह अपने आप को संघ के कामकाज से अलग रखेंगे और जांच में सहयोग करेंगे।
सरकार के भरोसे पर आंदोलन खत्म कर रहे: पूनिया
पहलवान बजरंग पूनिया ने धरने खत्म करने का ऐलान करते हुए कहा, सभी खिलाड़ियों को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आश्वासन दिया है। सभी को समझाया भी है। आश्वासन के बाद हम खिलाड़ी अपने आंदोलन को बंद कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि हमें न्याय मिलेगा।
देश के नामी पहलवानों ने बृजभूषण सिंह पर लगाए हैं गंभीर आरोप
देश के नामी गिरामी पहलवान विनेश फोगाट, बंजरग पुनिया, साक्षी मलिक, रवि दहिया का आरोप है कि भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह महिला खिलाड़ियों का यौन उत्पीड़न करते हैं। ऐसे में उनको हटाया जाए।
उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अपने ऊपर लगे तमाम आरोपों को नकारा है। उनका कहना है कि उनके बढ़ते राजनीतिक कद को कम करने के लिए कांग्रेस के इशारे पर ये साजिश हुई है।