
Yogi Adityanath: गोंडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी एक श्राप है। जब भी सत्ता में आई, तबाही मचाई। पहले गोंडा की पहचान देश के सबसे पिछड़े और गंदे जिलों में होती थी। बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा खतरे में थी। दुर्गा पूजा के आयोजन तक में बाधाएं आती थीं। मुख्यमंत्री ने मनकापुर और गौरा विधानसभा क्षेत्रों में 520 करोड़ रुपये से अधिक की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
गोंडा जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मनकापुर और गौरा विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभा में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले गोंडा की हालत ऐसी थी कि यहां से देवीपाटन स्थित मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ पहुंचने में ढाई से तीन घंटे लग जाते थे। सड़कें खराब थीं और सुरक्षा का माहौल भी ठीक नहीं था। बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा खतरे में थी। आज तस्वीर बदल रही है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान 520 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय गोंडा देश के सबसे पिछड़े और गंदे जिलों में गिना जाता था। गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती जैसे जिलों की पहचान पिछड़ेपन से होती थी। अज्ञात बीमारियां मीडिया की सुर्खियों में रहती थीं। वर्ष 2016 के स्वच्छता सर्वेक्षण में भी गोंडा का नाम सबसे गंदे शहरों में शामिल हुआ था।
उन्होंने कहा कि पहले गरीबों के बच्चों के भविष्य की चिंता नहीं की जाती थी। नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होता था। देवीपाटन मंडल में दुर्गा पूजा के पंडालों को लेकर विवाद खड़े किए जाते थे। लोगों को पूजा करने की अनुमति तक नहीं मिलती थी। घर में पूजा करने पर भी विरोध की शिकायतें होती थीं। तत्कालीन सपा सरकार आयोजन पर रोक लगा देती थी।
योगी ने कहा कि भाजपा सरकार ने गोंडा में राजा देवी बक्स सिंह और बहराइच में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनवाया। बलरामपुर में विश्वविद्यालय बनाने का रास्ता भी साफ किया। विश्वविद्यालय बनने से देवीपाटन मंडल के युवाओं को बेहतर शिक्षा के अवसर मिलेंगे। नकल माफिया के कारोबार पर रोक लगी।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम जन्मभूमि आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि 2 नवंबर 1990 को तत्कालीन सपा सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। आज भाजपा सरकार में रामभक्तों पर पुष्प वर्षा होती है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है।
उन्होंने कहा कि 7 नवंबर को अयोध्या में दीपोत्सव का आयोजन होगा। वहां जलने वाले दीपों की रोशनी गोंडा तक पहुंचेगी। राम की पावन धरती से पूरे देवीपाटन मंडल में विकास की नई राह खुल रही है। योगी ने बताया कि गोंडा से अयोध्या तक सड़क चौड़ीकरण की योजना पर काम आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए केंद्र सरकार से मंजूरी भी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि सड़क बनने के बाद अयोध्या गोंडा के बीच की दूरी और आसान हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने
गोंडा में हुए खाद्यान्न घोटाले का जिक्र करते हुए सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी एक श्राप है। यह जब भी सत्ता में आई, तबाही मचाई।