31 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Gonda: सरदार पटेल की जयंती पर मंडलायुक्त ने अधिकारियों को दिलाई शपथ, सरकारी कामकाज को लेकर भी दिया संदेश

National Unity Day: गोंडा में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने आयुक्त कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

गोंडा

•

image

Mahendra Tiwari

•

Updated: 31 Oct 2026, 2:44 PM IST

Gonda

कर्मचारियों को शपथ दिलाता आयुक्त फोटो सोर्स विभाग

National Unity Day:गोंडा में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर आयुक्त कार्यालय के महाराजा सुहेलदेव सभागार में मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि देश की एकजुटता बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी को आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करना चाहिए।

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को आयुक्त कार्यालय के महाराजा सुहेलदेव सभागार में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में आयुक्त कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। मंडलायुक्त ने सभी को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। शपथ के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे देश की एकता और सुरक्षा बनाए रखने में अपना योगदान देंगे। साथ ही देश के सभी नागरिकों के बीच आपसी सद्भाव, भाईचारे और एकजुटता की भावना को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने में भी अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

सरदार पटेल के योगदान को किया याद

इस मौके पर मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का पूरा जीवन देश की सेवा और एकता के लिए समर्पित रहा। उनकी मजबूत इच्छाशक्ति, नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता आज भी सभी के लिए प्रेरणा है। आजादी के बाद देश की अलग-अलग रियासतों को एक साथ जोड़कर मजबूत भारत बनाने में सरदार पटेल ने ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के इसी योगदान के कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है। देश की एकता और अखंडता के लिए उन्होंने जो काम किया। उसे हमेशा याद रखा जाएगा।

एकजुटता ही देश की सबसे बड़ी ताकत

मंडलायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें याद दिलाता है कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। भारत में अलग-अलग भाषा, धर्म, रहन-सहन और संस्कृति के लोग रहते हैं। इसके बावजूद सभी को एक साथ जोड़ने वाली सबसे बड़ी ताकत आपसी भाईचारा और सामाजिक सद्भाव है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे इन मूल्यों को केवल शपथ तक सीमित न रखें, बल्कि अपने व्यवहार और कामकाज में भी अपनाएं। सरकारी कामकाज पूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ करें। आम लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करें। उनके बीच प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ाएं। कार्यक्रम के अंत में सरदार वल्लभभाई पटेल के देश के प्रति योगदान को याद किया गया। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के संकल्प को दोहराया। इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रशासन मीनू राणा, अपर आयुक्त न्यायिक राजेश कुमार यादव, संयुक्त विकास आयुक्त राकेश कुमार पांडेय समेत आयुक्त कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।