
वाराणसी. नोटबंदी हुए आज एक साल पूरे हो चुके हैं। इस एक साल में हुए चुनावों में भले ही बीजेपी का यह फैसला पास हो गया हो, लेकिन नोटबंदी के कारण कई परिवारों पर आफत बन आई थी। एक महीने में 100 से अधिक मौत हो गई थी। अकेले पूर्वांचल में 65 लोगों की मौत हुई थी। कई लड़कियों की शादी टूट गई या फिर डेट आगे बढ़ा दी गई थी। लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ा था। छोटे ठेले-खोमचे वालों की दुकानें बंद हो गई थी।
नोटबंदी की बरसी पर हम कुछ ऐसी ही घटनाओं का उल्लेख कर रहे हैं।
2016 में जौनपुर में बैंक से पैसे निकालने के लिए लाइन में लगे किसान की हर्ट अटैक से मौत हो गई थी।
2016 में ही नोटबंदी के 32 वें दिन इलाहाबाद के करेली इलाके में बेटे की फीस नहीं भरने से परेशान एक पिता का दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। 61 साल के मोहम्मद मतीन पिछले चार दिनों से नोट बदलने के लिए बैंक का चक्कर काट रहे थे। बैंकों में लगने वाली लंबी लाइन के बाद भी उन्हें निराशा हाथ लग रही थी। परिजनों के अनुसार मो. मतीन बेटे मोइन की फीस भरने के लिए पैसे निकालने गये थे और यह सिलसिला पिछले चार दिनों से चल रहा था। इसके बाद उनकी दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी।
2016 में नोटबंदी के 33 वें दिन कुशीनगर में अपने बच्चे को लेकर लाइन में देर से खड़ी मां को बच्चे की जिंदगी से हाथ धोना पड़ा था। कड़कड़ाती ठंड में पैसे तो नहीं मिले लेकिन अनमोल बच्चे को मां ने खो दिया था।
9 दिसम्बर 2016 को चंदौली में बैंक में पैसे निकालने को लाइन में खड़े युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वहीं प्रतापगढ़ में भी लाइन में खड़े युवक की हार्ट अटैक हो गई।
18 नवम्बर 2016 को मऊ के फातिमा अस्पताल में मेडिकल स्टोर पर 500 का नोट मना करने पर दवा के अभाव में बच्ची की मौत हो गई।
16 नवंबर 2016 को जौनपुर में कैश के लिए लाइन में लगे बुजुर्ग की हर्ट अटैक से मौत इसी दिन बलिया में बेटी की शादी के लिए परेशान पिता की हर्ट अटैक से मौत हो गई। देवरिया में शादी के घर में हर्ट अटैक से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
15 नवंबर 2016 को इलाहाबाद में बैंक कैशियर की हार्ट अटैक से मौत, मृतक ने काम के प्रेशर और नोटबंदी से हो रही परेशानी से जुड़े कई पोस्ट फेसबुक पर डाल रखे थे।
13 नवंबर 2016 जौनपुर में शादी के घर में पैसे का जुगाड़ नहीं होने पर पिता की हर्ट अटैक से मौत।
12 नवंबर 2016 मऊ में अस्पताल में बच्ची की मौत, डॉक्टरों ने पुराने नोट लेने से किया था इनकार।
10 नवंबर 2016 कुशीनगर में बैंक के बाहर एक महिला की मौत, 500 और 1000 के नोट बैन होने पर आया था हर्ट अटैक।