
लोगों का गुस्सा कितना जानलेवा होता जा रहा इसका नजारा शुक्र्र्रवार की रात में एक परिवार में देखने को मिला। खाना मांगने पर लाने में देरी करने वाली पत्नी को गुस्साए पति ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। गोली लगने के बाद पति को गुस्से में की गई गलती का अहसास हुआ तो आनन फानन में उसे मेडिकल काॅलेज पहुंचाया। वहां भर्ती कराने के बाद वह भागने की फिराक में था कि किसी माध्यम से पुलिस को इसकी भनक लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक व खोखा को भी अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, तहरीर नहीं मिलने की वजह से किसी प्रकार का केस दर्ज नहीं हो सका है। उधर, घायल महिला का इलाज चल रहा है।
पिपराइच क्षेत्र की रहने वाली किश्ता देवी (27) की शादी गोरखपुर के ही गुलरिहा क्षेत्र के डुमरी टोला नंबर-2 मंगलपुर गांव में यहां के रहने वाले
श्यामकरन मौर्या से हुई थी। करीब पांच-छह साल पूूर्व हुई इस शादी से इन दोनों का एक बेटा भी है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम को पति श्यामकरन को कहीं जाना था। वह खाना खाकर घर से निकलना चाहता था। इसके लिए पत्नी से पहले ही खाना बनाने को बोल दिया था। जाने का समय होने के कुछ देर पहले आरोपी पति ने अपनी पत्नी से खाना जल्दी से खिलाने को बोला। पत्नी खाना निकालकर लाने चली गई। खाना लाने में पत्नी को कुछ देरी हो गई। खाना लाने में देरी होने पर पति भड़क गया। वह पत्नी को खरीखोटी सुनाने लगा। इस पर दोनों में बहस होने लगा। पति-पत्नी में काफी झगड़ा होने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि पति अंदर गया और अपना बंदूक निकाल लाया। दोनों तैश में थे। पति का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। जानेे-अनजाने न जाने कैसे बिना कुछ सोचे समझे उसने बंदूक से फायर कर दिया। गोली लगते ही पत्नी वहीं गिरकर छटपटाने लगी। घर के अन्य सदस्य गोली की आवाज सुनकर दौड़े पहुंचे। घर में उसके पिता और बहन ही थे। खून से लतपथ बहू को देख घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में पति ही उसे मेडिकल काॅलेज लेकर गया। परिवार के अन्य लोग भी गए। उसे भर्ती कराया गया। लेकिन इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। आरोपी भागता इसके पहले उसे हिरासत में ले लिया गया। घायल का इलाज चल रहा।
मामले में कोई तहरीर नहीं मिलने से अभी तक केस दर्ज नहीं हो सका है। पुलिस को युवती के मायके पक्ष की ओर से तहरीर का इंतजार है।