
Gorakhpur BJP Rally Nitin Nabin Speech: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ने लगा है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में भाग लेते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा वाले दावा करते हैं कि उनकी साइकिल फिर चलेगी, लेकिन मैं पहले भी कह चुका हूं कि साइकिल का टायर पंचर है। उत्तर प्रदेश अब एक्सप्रेसवे का प्रदेश बन चुका है। पंचर साइकिल एक्सप्रेसवे पर नहीं चल सकती।
नितिन नवीन ने कहा कि देश की जनता ने ऐसे अराजक मानसिकता वाले लोगों और ‘दिमागी नक्सली’ तत्वों को पहले भी सबक सिखाया है। 2027 और 2029 में भी सबक सिखाएगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा-एनडीए की जीत तय है और सपा का सफाया भी तय है। पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी और अन्य नेता भी मौजूद रहे।
भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हवाले से दो तथाकथित ‘युवराजों’ के कारनामों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके कारनामे ऐसे हैं कि उत्तर प्रदेश और पूरे देश की जनता लंबे समय तक याद रखेगी। विपक्ष घबराया हुआ है। उन्होंने रामलीला मैदान की रैली का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष ने पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन दावा किए गए का 10 प्रतिशत भी भीड़ नहीं जुटा सके। वहीं भाजपा और एनडीए हर जिले और कस्बे में विशाल पदयात्राएं निकाल रहे हैं। यही एनडीए की ताकत और जनता का विश्वास है।
नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कितने भी झूठ बोले या जनता को गुमराह करने की कोशिश करें, यह नया भारत है। 140 करोड़ नागरिक प्रधानमंत्री मोदी को प्रधान सेवक और चौकीदार मानते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जमीन पर काम नहीं करता, इसलिए हार का सामना कर रहा है। पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में देश और प्रदेश आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने विपक्ष के एसआईआर वाले बहाने को खारिज करते हुए कहा कि अगर वे मैदान में काम करते और कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते तो आज यह स्थिति नहीं होती। मुख्यमंत्री द्वारा बताए गए ‘लॉन्चिंग पैड’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि न सिर्फ रॉकेट खराब है, बल्कि लॉन्चिंग पैड ही दोषपूर्ण है, जो ऐसे नेता पैदा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के नाम पर सत्ता पर काबिज रहने की कोशिश करने वाले इन लोगों ने गरीबी हटाई नहीं, बल्कि गरीबों को और दूर कर दिया। वहीं प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है।