
सीएम योगी (Photo ANI)
Nitin Nabin Gorakhpur Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावों में हार के नए रिकॉर्ड बना रही कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन की हताशा अब अराजकता की राजनीति में बदल गई है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं में क्लैरिटी, कैपेसिटी और क्रेडिबिलिटी का पूरा अभाव है। योगी ने जनादेश के अनादर को भी इसी सोच का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने और अराजकता के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए वह आज गोरखपुर में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता भी जताई।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिन के दौरे पर गोरखपुर पहुंच रहे हैं। बुधवार और गुरुवार को वह पार्टी की छह सांगठनिक बैठकों में शामिल होंगे। इन बैठकों में संगठन की तैयारियों और चुनाव से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। दौरे के पहले दिन वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे।
नितिन नवीन बुधवार दोपहर गोरखपुर में बीजेपी की ओर से आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल होंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी रहेंगे। यह पदयात्रा एमपी इंटर कॉलेज से शुरू होकर गोलघर स्थित काली मंदिर के पास सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक जाएगी। इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, प्रदेश महामंत्री और उत्तर प्रदेश के प्रभारी अभिजात मिश्रा शामिल होंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा भी मौजूद रहेंगे। सहयोगी दलों की ओर से निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद, सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल भी कार्यक्रम में शामिल होंगी।
बीजेपी ने मंगलवार को लखनऊ और बरेली में भी 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पदयात्राएं निकाली थीं। लखनऊ में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसका नेतृत्व किया, जबकि बरेली में पूर्व बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा पदयात्रा में शामिल हुए। लखनऊ में शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और पूरे इंडिया गठबंधन पर निशाना साधा। बीजेपी इन कार्यक्रमों के जरिए प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपनी राजनीतिक और सांगठनिक तैयारियों को आगे बढ़ा रही है।
Updated on:
4 Nov 2026, 9:16 AM IST
Published on:
4 Nov 2026, 8:23 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.