एसएसपी की अगुवार्इ में जब निकले एटीएस, रैपिड एक्शन फोर्स के जवान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज विजयदशमी पर परंपरागत रूप में गोरक्षपीठाधीश्वर बनकर शोभायात्रा में शामिल होंगे। गोरखनाथ मंदिर से निकलने वाली यह शोभा यात्रा अंधियारीबाग रामलीला मैदान तक जाएगी। मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीर हैं लेकिन परंपराओं का निर्वहन करते हुए सारे सुरक्षा प्रतिबंधों को वे तोड़ते रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा में लगे तंत्र ने अपनी ही सुरक्षा बढ़ाते हुए कई स्तरों पर तैयारी कर रखी है।
गुरुवार की देर शाम को एसएसपी शलभ माथुर की अगुवाई में मंदिर से लेकर रामलीला मैदान तक फ्लैग मार्च किया गया। इसी के साथ सुरक्षा की निगहबानी कर रहे जिम्मेदारों ने तैयारियों का जायजा भी लिया। फ्लैग मार्च में एसएसपी के अतिरिक्त एसपी सिटी विनय कुमार सिंह, सीओ गोरखनाथ प्रवीण कुमार सिंह, आरएएफ, एटीएस, डाॅग स्कवायड, गोरखनाथ थानेदार के साथ पुलिस फोर्स ने भाग लिया।
सुरक्षा ऐसी ताकि परिंदा भी पर न मार सके
गोरक्षपीठाधीश्वर की निकलने वाली इस पारंपरिक शोभायात्रा में भीड़ काफी होती है। सीएम की सुरक्षा के लिए पूरे क्षेत्र को तीन जोन में बांट दिया गया है। प्रत्येक जोन की सुरक्षा की कमान एएसपी को सौंपी गई है। प्रत्येक जोन में सात क्षेत्राधिकारी, एक दर्जन थानेदार/इंस्पेक्टर, करीब 100 दारोगा, 350 सिपाही को तैनात किया गया है। 32 महिला सिपाहियों की भी तैनाती की गई है। इसके अलावा हर जोन में एक कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स व दो कंपनी पीएसी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री के आसपास उनका खास सुरक्षा दस्ता भी रहेगा।
जुलूस के रास्ते व आसपास की निगरानी के लिए तकनीक का भी खूब इस्तेमाल किया जाएगा। रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ड्रोन से पूरे एरिया पर कड़ी नजर भी कंट्रोल रूम से रखी जाएगी।